पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपना घोषणापत्र (संकल्प पत्र) जारी कर दिया है, जिसे ‘भरोसा-पत्र’ नाम दिया गया है। कोलकाता में गृह मंत्री अमित शाह ने इसे लॉन्च करते हुए बड़े एलान किए।
अमित शाह ने भरोसा दिलाया कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही 6 महीने के भीतर यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू किया जाएगा और ‘डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट’ की नीति अपनाकर एक-एक घुसपैठिए को राज्य से बाहर निकाला जाएगा।

घुसपैठियों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ और सुरक्षा का वादा
अमित शाह ने बंगाल की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि घुसपैठ की वजह से बंगाल का अस्तित्व खतरे में है। उन्होंने वादा किया कि भाजपा की सरकार बनने पर घुसपैठियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा, “आप एक बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाइए, हम चुन-चुनकर एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकालेंगे और बंगाल के साथ-साथ पूरे देश को सुरक्षित करेंगे।”
We will have zero tolerance for infiltrators.
— BJP (@BJP4India) April 10, 2026
The citizens of Bengal are concerned about the state’s identity if infiltration continues.
I want to assure the people of West Bengal that form a BJP government with a full majority, we will act decisively under the policy of… pic.twitter.com/NITHICnBgj
सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी
घोषणापत्र में राज्य के सरकारी कर्मचारियों और वेतनभोगियों के लिए बड़ी राहत का एलान किया गया है। भाजपा ने वादा किया है कि सरकार बनने के महज 45 दिनों के भीतर 7वाँ वेतन आयोग (7th Pay Commission) लागू कर दिया जाएगा। साथ ही, सभी कर्मचारियों के लिए महँगाई भत्ता (DA) भी सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि उनका सम्मान और आर्थिक स्थिति बेहतर हो सके।

ममता सरकार पर तीखा हमला
अमित शाह ने ममता बनर्जी के 15 साल के शासन की तुलना ‘कालरात्रि के दुःस्वप्न’ से की। उन्होंने कहा कि जिस उम्मीद के साथ जनता ने कम्युनिस्टों को हटाकर ममता दीदी को चुना था, वे उन पर खरी नहीं उतरीं। उन्होंने आरोप लगाया कि TMC के राज में ‘सिंडिकेट’, ‘गुंडाराज’ और ‘भ्रष्टाचार’ ने बंगाल को बर्बाद कर दिया है। शाह के मुताबिक, अब बंगाल की जनता डरी हुई है और बदलाव चाहती है।
महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए नया रोडमैप
बीजेपी ने अपने इस संकल्प पत्र को ‘सोनार बांग्ला’ बनाने का रोडमैप बताया है। इसमें बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी के अवसर और महिलाओं के लिए भयमुक्त वातावरण बनाने का वादा किया गया है। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन के तहत बंगाल का विकास किया जाएगा, ताकि रवींद्रनाथ टैगोर की कल्पना वाला बंगाल फिर से जमीन पर उतर सके।
भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘चार्जशीट’
अमित शाह ने कहा कि बीते 10 वर्षों में भाजपा ने बंगाल में एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाई है। पार्टी ने जनता के सामने ममता सरकार के खिलाफ एक ‘चार्जशीट’ भी रखी है, जिसमें 15 सालों की नाकामियों और निराशाओं को उजागर किया गया है। भाजपा ने भरोसा दिलाया है कि अगले 5 साल बंगाल के विकास के बंद रास्ते खोल देंगे।

