पश्चिम बंगाल में जहाँ एक ओर नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह चल रहा था, वहीं दूसरी ओर पुरुलिया जिले में एक BJP कार्यकर्ता की संदिग्ध मौत ने तनाव पैदा कर दिया है। 45 वर्षीय हाबूलाल गोप का शव शुक्रवार (8 मई 2026) सुबह मिलने के बाद परिजनों ने उनकी हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जाँच शुरू कर दी है। मृतक हाबूलाल गोप BJP के ‘शक्ति केंद्र प्रमुख‘ थे और बूथ स्तर पर काफी सक्रिय रहते थे। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार (7 मई) की शाम वह अपने भांजे के साथ एक शादी में शामिल होने गए थे, लेकिन वहाँ से लौटने के दौरान वह अचानक गायब हो गए।
परिवार ने पूरी रात उनकी तलाश की, पर उनका कुछ पता नहीं चला। अगले दिन यानी शुक्रवार की सुबह कानाली गाँव के पास हाबूलाल का शव पड़ा मिला। खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लिया। अस्पताल पहुँचते ही भाजपा नेताओं और परिजनों ने जमकर हंगामा किया और इसे राजनीतिक हत्या करार दिया।
राजनीतिक रंजिश का आरोप
हाबूलाल के परिवार का कहना है कि उनकी सक्रियता के कारण ही उन्हें निशाना बनाया गया है। भाजपा जिला नेतृत्व और युवा मोर्चा ने इस मामले की निष्पक्ष जाँच की माँग की है। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
पुरुलिया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।

