‘6 दिसंबर को रखेंगे बाबरी की नींव’: बंगाल में TMC विधायक हुमायूँ कबीर का ऐलान, BJP सांसद बोले- हम मंदिर वहीं बनाएँगे

पश्चिम बंगाल में TMC विधायक हुमायूँ कबीर ने ऐलान किया है कि वह 6 दिसंबर को मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में ‘बाबरी नाम की एक नई मस्जिद’ की नींव रखेंगे। यह तारीख बाबरी विध्वंस की बरसी है। बीजेपी ने इसे खुल्लम-खुल्ला हिंदू विरोधी राजनीति बताया है।

बीजेपी का आरोप है कि TMC लगातार मुस्लिम तुष्टिकरण को बढ़ावा दे रही है और आगामी चुनावों में वोट बटोरने के लिए जानबूझकर ऐसे विवाद पैदा कर रही है। बीजेपी सांसद ने कहा है कि अगर बाबरी मस्जिद बनी, तो वह इसके विरोध में राम मंदिर बनाएँगे। इस ऐलान के बाद बंगाल में सांप्रदायिक तनाव बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है।

TMC विधायक ने जानबूझकर चुनी ‘बाबरी’ और ‘6 दिसंबर’ की तारीख

TMC विधायक हुमायूं कबीर ने मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में 6 दिसंबर को ‘बाबरी नाम की मस्जिद’ बनाने का ऐलान किया है। बीजेपी का कहना है कि 6 दिसंबर की तारीख और मस्जिद का नाम ‘बाबरी’ जानबूझकर चुना गया है।

यह हिंदुओं की भावनाओं को भड़काने और सांप्रदायिक ध्रुवीकरण करने की TMC की कोशिश है। बीजेपी सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने कड़ा विरोध करते हुए कहा कि बाबर एक लुटेरा था और उसके नाम पर कुछ भी बनाना स्वीकार नहीं किया जा सकता।

मुस्लिम वोट बैंक साधने की खुली कोशिश

बीजेपी का सीधा आरोप है कि सत्ताधारी TMC केवल मुस्लिम वोटों को पक्का करने के लिए यह सब कर रही है। मुर्शिदाबाद में मुस्लिमों की आबादी करीब 75 प्रतिशत है। बीजेपी सांसद खगेन मुर्मू ने तंज कसते हुए कहा कि विधायक कबीर ऐसा करके ममता बनर्जी की कुर्सी बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

विधायक ने यह ऐलान ऐसे समय में किया है, जब अगले साल बंगाल में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इससे यह साफ होता है कि TMC तुष्टिकरण की राजनीति को तेज कर रही है।

बीजेपी का पलटवार: मस्जिद के विरोध में बनेगा राम मंदिर

TMC विधायक के ऐलान के जवाब में बीजेपी सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने पलटवार किया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि अगर कहीं भी बाबरी मस्जिद बनी, तो बीजेपी उसके विरोध में राम मंदिर बनाएगी और रामलला को वापस लाएगी।

बीजेपी ने TMC पर आरोप लगाया है कि वह केवल धर्म के नाम पर राजनीति करती है, जबकि उसने अल्पसंख्यकों के लिए कुछ खास काम नहीं किया है।