आगरा में आग लगाएँगे, दिल्ली को हिला देंगे: पाकिस्तान की गोद में बैठ भारत को गीदड़भभकी दे रहे जैश-लश्कर के आतंकी, जिहाद का किया ऐलान

जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के आंतकियों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में भारत को गीदड़भभकी देने की कोशिश की है। पाकिस्तान की गोद में बैठे ये आतंकी भारत के खिलाफ जिहाद का आह्वान कर दिल्ली-आगरा जैसे बड़े शहरों पर हमले की गीदड़भभकी दे रहे हैं।

PoK के रावलाकोट में जैश कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए पाकिस्तानी युवाओं से आतंकी संगठन में शामिल होने की अपील की। उसने कहा कि उसके समर्थक पूरी ताकत और आतंक के साथ दुश्मन को कुचलने के लिए तैयार हैं। उसने दिल्ली और अमेरिका, ब्रिटेन और इजरायल को संदेश देने की धमकी भी दी।

इस रैली में नए भर्ती किए गए आतंकियों को भी मंच पर लाया गया। लाहौर में लश्कर के कमांडर सैयद अब्दुल रहमान नकवी ने भी भड़काऊ भाषण दिया। नकवी ने भीड़ को उकसाते हुए नारे लगवाए और खुले तौर पर कहा कि संगठन आगरा को आग में झोंक देगा, दक्कन को जगा देगा और दिल्ली को हिला देगा।

उसने भारत की क्षेत्रीय अखंडता को चुनौती देते हुए ‘अखंड भारत’ को तोड़ने तक की बात कही। इन घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा पार से संभावित आतंकी गतिविधियों को लेकर चौकसी और कड़ी कर दी है।