जोमैटो (Zomato) की पैरेंट कंपनी ‘एटरनल ग्रुप’ के संस्थापक दीपिंदर गोयल ने सीईओ पद छोड़ने का फैसला लिया है। दीपिंदर गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर जानकारी दी कि अब ब्लिंकिट (Blinkit) के फाउंडर अलबिंदर ढींडसा ग्रुप के नए सीईओ होंगे, जबकि वे स्वयं बोर्ड में वाइस चेयरमैन की भूमिका निभाएँगे।
यह बदलाव तब हुआ है जब ग्रुप अपने विस्तार के नए दौर में है। गोयल के अनुसार, पब्लिक कंपनी के सीईओ की कानूनी जिम्मेदारियाँ और अनुशासन उनके नए ‘हाई-रिस्क’ आइडियाज के आड़े आ रहे थे, इसलिए उन्होंने यह रणनीतिक कदम उठाया है।
दीपिंदर गोयल ने साफ किया कि यह कंपनी से विदाई नहीं है, बल्कि वे अगले 10-20 सालों की रणनीति, कंपनी कल्चर और गवर्नेंस पर फोकस करेंगे। दीपिंदर गोयल ने बताया कि उनके सभी अनवेस्टेड ESOPs (शेयर विकल्प) वापस कंपनी पूल में डाल दिए जाएँगे ताकि नए टैलेंट को जोड़ा जा सके।
दीपिंदर गोयल ने अलबिंदर ढींडसा की तारीफ करते हुए उन्हें एक परखा हुआ लीडर बताया, जिन्होंने ब्लिंकिट को घाटे से उबारा। गोयल का सपना अब भी वही है- एटरनल को भारत की सबसे मूल्यवान कंपनी बनाना और एक अरब ग्राहकों तक पहुँचना। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि 18 साल पहले शुरू हुआ यह सफर अब नए टाइटल के साथ और मजबूती से आगे बढ़ेगा।

