यमन में निमिषा प्रिया की मौत की सजा टली, पहले 16 जुलाई तय थी तारीख: ‘ब्लड मनी’ को लेकर नहीं हुआ अभी कोई समझौता

यमन में भारतीय नर्स निमिषा प्रिया की मौत की सजा टल गई है। यमन के स्थानीय प्रशासन ने निमिषा प्रिया को 16 जुलाई, 2025 को मौत की सजा देना तय किया था, जिसे फिलहाल के लिए रोक दिया गया है। इसके पीछे क्या कारण हैं, यह स्पष्ट नहीं है।

निमिषा प्रिया की मौत की सजा भले ही टल गई हो लेकिन अभी उसकी सजा पूरी तरह से नहीं खत्म हुई है। रिपोर्ट्स में बताया गया है कि जिस व्यक्ति की हत्या के आरोप में निमिषा को मौत की सजा होनी है, वह परिवार अभी ‘ब्लड मनी’ लेने को राजी नहीं हुआ है। वह परिवार निमिषा प्रिया को माफी देने को लेकर सहमत नहीं है।

इससे पहले केन्द्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि वह निमिषा प्रिया को बचाने के लिए सभी प्रयास कर चुके हैं और एक अकेला रास्ता अब यही बचा है कि मृतक का परिवार ब्लड मनी स्वीकार कर ले।