झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन का दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में निधन हो गया। 81 साल के शिबू सोरेन लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे और एक महीने से ज्यादा समय से अस्पताल में भर्ती थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वो जून के आखिरी सप्ताह से ही सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती थे। शिबू सोरेन तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री रहे और लोकसभा – राज्यसभा में भी राज्य का प्रतिनिधित्व किया। अलग झारखंड राज्य के गठन में उनका बड़ा योगदान रहा। उनके बेटे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को ही राँची से दिल्ली पहुँच गए थे।
‘दिशोम गुरु’ और ‘गुरुजी’ की पहचान रखने वाले शिबू सोरेन ने ST समाज के हक के लिए कई आंदोलन किए। 1970 के दशक में उन्होंने ‘धनकटनी आंदोलन’ और शराबबंदी जैसे आंदोलनों के जरिए आदिवासी समाज की आवाज उठाई।

