RG कर रेप-मर्डर केस के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर बंगाल पुलिस ने किया लाठीचार्ज, पीड़िता की माँ समेत कई लोग घायल: ममता सरकार के खिलाफ बड़े आंदोलन की चेतावनी

पश्चिम बंगाल में शनिवार (9 अगस्त 2025) को आरजी कर मेडिकल केस को लेकर BJP के विधायकों और पीड़िता के माता-पिता ने धरना दिया। यह धरना पार्क स्ट्रीट-जे एल नेहरू रोड क्रॉसिंग पर दिया जा रहा था। जिसमें पुलिस से झड़प में पीड़िता की माँ को गंभीर चोटें आईं हैं।

आज तक की रिपोर्ट के अनुसार, इस धरने में विधानसभा में नेता विपक्ष सुवेंदु अधिकारी, बीजेपी नेता अग्निमित्रा पॉल और अन्य बीजेपी विधायक शामिल थे। आरोप लगाया गया है कि पुलिस कार्रवाई में 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

इनमें बीजेपी नेता और आरजी कर केस की पीड़िता के माता-पिता भी शामिल हैं। दूसरी तरफ पीड़िता की माँ ने ममता बनर्जी पर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी पुलिस ने उनके साथ बर्बरता की और उनकी चूड़ियाँ तोड़ दीं।

जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शनकारी राज्य सचिवालय की ओर बढ़ रहे थे और पुलिस की चेतावनी के बावजूद रानी रश्मोनी रोड से आगे विद्यासागर सेटु की तरफ बढ़ने का प्रयास कर रहे थे। इसके चलते पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे हालात बिगड़ गए।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अब वह ममता सरकार के खिलाफ और बड़ा आंदोलन करेंगे।