सऊदी में हत्या कर भारत में छिपा था मोहम्मद दिलशाद, 26 साल बाद दिल्ली के एयरपोर्ट से CBI ने पकड़ा: पहचान बदलकर कर रहा था कुवैत और कतर की यात्रा

नई दिल्ली में CBI ने सऊदी अरब में हत्या भारत आकर छिपे भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपित का नाम मोहम्मद दिलशाद है। वह पिछले 26 साल से फरार था।

जानकारी के मुताबिक, आरोपित दिलशाद उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले का रहने वाला है। उस पर 1999 में सऊदी अरब की राजधानी रियाद में एक हत्या करने का आरोप है। वह रियाद में भारी मोटर मैकेनिक और सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यहाँ अक्टूबर 1999 में उस पर एक व्यक्ति की हत्या का आरोप लगा, जिसके बाद वह भागकर भारत आ गया था। अप्रैल 2022 में जब सऊदी सरकार ने भारत से कानूनी मदद माँगी, तो यह मामला सामने आया।

इसके बाद CBI ने मुकदमा दर्ज कर लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया। इस बीच दिलशाद लगातार पहचान बदलकर कुवैत, कतर और सऊदी अरब जैसे देशों की यात्रा कर रहा था।

वह फर्जी दस्तावेजों और नए पासपोर्ट का इस्तेमाल कर विभिन्न देशों की यात्रा कर रहा था। 11 अगस्त 2025 को जब मोहम्मद दिलशाद मदीना से जेद्दा होते हुए दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुँचा, तो CBI ने उसे हिरासत में ले लिया। 14 अगस्त को उसे कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।