छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक युवक ने तिरंगा फहराया था। इसके अगले दिन शनिवार (16 अगस्त 2025) को नक्सलियों ने उस युवक की बेरहमी से हत्या कर दी।
जानकारी के मुताबिक, घटना जिले के माड़ इलाके के बिनागुंडा गाँव की है। बीते साल यहाँ एक एनकाउंटर में 29 नक्सली मारे गए थे। इस साल 15 अगस्त को कई सालों बाद गाँव के लोगों ने नक्सलियों द्वारा बनाए गए स्मारक में तिरंगा फहराया। गाँव का ही युवक मनेश नरेटी भी बच्चों के साथ वहाँ पहुँचा और तिरंगा लहराते हुए भारत माता की जय के जयकारे लगाए।
#BREAKING | छत्तीसगढ़ में तिरंगा फहराने पर नक्सलियों ने की युवक की हत्या
— ABP News (@ABPNews) August 22, 2025
@romanaisarkhan | https://t.co/smwhXURgtc #Breakingnews #Chhattisgarh #Flaghoisting #Crime #Kanker pic.twitter.com/quPK72qRMM
इस उत्सव के अगले ही दिन तिरंगा फहराने और नारेबाजी से आक्रोशित नक्सलियों ने गाँव में ‘जन अदालत’ लगाई और तिरंगा फहराने वाले मनेश नरेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। नक्सलियों ने नरेटी पर पुलिस का मुखबिर होने का आरोप लगाया था। इसके बाद नक्सलियों ने बैनर लगाकर इस घटना की जिम्मेदारी लेते हुए पूरे गाँव वालों में खौफ पैदा करने की भी कोशिश की।
रिपोर्ट के अनुसार, बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने कहा, “अधिक जानकारी एकत्र की जा रही है और तथ्यों एवं विवरणों की जाँच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।”

