SCO समिट के दौरान बातचीत करते गुजर रहे थे पीएम मोदी और पुतिन, कनखियों से देखते रहे हताश शहबाज; वीडियो हुआ वायरल

चीन के तियानजिन शहर में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) का शिखर सम्मेलन आयोजित हो रहा है। सोमवार (1 सितंबर 2025) को समिट के दूसरे दिन पीएम मोदी, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग एक साथ नजर आए। तीनों नेताओं को अनौपचारिक रूप से बातचीत करते हुए भी देखा गया।

हालाँकि, इसी बीच पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ के नजरअंदाज होने की घटना भी कैमरे में कैद हुई है। सामने आए एक वीडियो में दिखा कि पीएम मोदी और पुतिन बातचीत करते हुए गुजर रहे हैं और हताश से खड़े शरीफ उन्हें कनखियों से देख रहे हैं।

इस सम्मेलन में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भी शामिल हुए, क्योंकि पाकिस्तान भी SCO का सदस्य है। समिट में एक दिलचस्प और चर्चित दृश्य उस वक्त देखने को मिला जब पीएम मोदी और पुतिन आपस में बातचीत करते हुए हॉल से गुजर रहे थे और उसी समय शहबाज शरीफ कोने में अकेले खड़े दिखाई दिए। न तो कोई नेता उनसे बातचीत कर रहा था और न ही उन्हें कोई खास तवज्जो मिल रही थी। वो सिर्फ मोदी और पुतिन को देखते रह गए।

इस शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी, पुतिन और जिनपिंग समेत 20 से ज्यादा देशों के नेता शामिल हुए हैं। सभी क्षेत्रीय सहयोग और वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा कर रहे हैं।