प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (2 सिंतब 2025) को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बिहार में राज्य निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड का शुभारंभ किया। इस मौके पर राहुल गाँधी की वोट अधिकार यात्रा के दौरान पीएम मोदी की माँ को गाली दिए जाने के मामले पर भी प्रधानमंत्री ने जमकर निशाना साधा।
नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी और राजद नेता तेजस्वी यादव की बिहार में हुई वोट अधिकार यात्रा के दौरान दरभंगा में कायर्क्रम के मंच से पीएम मोदी की माँ को गाली दी गई थी। पीएम मोदी ने इस पर कहा, “राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी की माँ को गाली देना भारतीय संस्कृति नहीं है। यह हमारे संस्कारों के खिलाफ है।”
पीएम मोदी ने कहा, “माँ ही तो हमारा संसार होती है…माँ ही हमारा स्वाभिमान होती है। इस समृद्ध परंपरा वाले बिहार में कुछ दिनों पहले जो हुआ उसकी मैंने कल्पना भी नहीं की थी।”
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार में आरजेडी-कॉन्ग्रेस के मंच से मेरी माँ को गालियाँ दी गईं। ये गालियाँ सिर्फ मेरी माँ का अपमान नहीं है। ये देश की माँ-बहन-बेटी का अपमान है।
पीएम ने आगे कहा कि मुझे पता है कि आप सबको भी, बिहार की हर माँ को ये देख-सुनकर कितना बुरा लगा है। मैं जानता हूँ, इसकी जितनी पीड़ा मेरे दिल में है, उतनी ही तकलीफ मेरे बिहार के लोगों को भी है।
पीएम मोदी ने अपनी माँ के संघर्षों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि देश की करोड़ों माँएँ रोज अपने बच्चों को पालने और उन्हें अच्छे संस्कार देने के लिए लगातार संघर्ष करती हैं। राहुल गाँधी का नाम लिए बिना पीएम मोदी ने कहा कि माताओं की ये पीड़ा शाही खानदान के ‘युवराज’ नहीं समझ सकते।

