दिल्ली में BMW ने वित्त मंत्रालय के अधिकारी नवजोत सिंह की बाइक को मारी टक्कर, डिप्टी सेक्रेटरी की मौत और पत्नी घायल: महिला ड्राइवर गगनप्रीत हुई गिरफ्तार

दिल्ली कैंटोनमेंट इलाके में रविवार (14 सितंबर 2025) को एक BMW कार ने बाइक को टक्कर मार दी। एक्सीडेंट में बाइक सवार वित्त मंत्रालय में कार्यरत डिप्टी सेक्रेटरी 57 वर्षीय नवजोत सिंह की मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं, पुलिस ने महिला ड्राइवर गगनप्रीत को गिरफ्तार कर लिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने बताया कि कार में गगनप्रीत के साथ उसके पति परिक्षित मक्कड़ और उनके दो छोटे बच्चे भी मौजूद थे। यह कार परिक्षित के नाम पर रजिस्टर्ड है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। हादसे के बाद गगनप्रीत और उसके पति ने नवजोत सिंह और उनकी घायल पत्नी को GTB नगर स्थित नुलाइफ अस्पताल पहुँचाया, जो हादसे की जगह से करीब 17 किलोमीटर दूर है।

पुलिस का कहना है कि इस अस्पताल के मालिक से उनका पुराना परिचय है, क्योंकि गगनप्रीत का मायका उसी इलाके में है। हादसे के बाद, गगनप्रीत और उनके पति को भी उसी निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। इसके बाद वहाँ पहुँची पुलिस की एक टीम ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

दिल्ली कैंट थाने में गगनप्रीत के खिलाफ BNS की धारा 281, 105, 125B, 238A के तहत FIR दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस मामले की जाँच कर रही है। FSL की टीम ने भी घटनास्थल का जायजा लिया है और दोनों वाहनों की जाँच की है।