प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (27 सितंबर 2025) को ओडिशा के दौरे पर हैं। पीएम मोदी ने झारसुगुड़ा में ₹60,000 करोड़ से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं में स्वदेशी 4G नेटवर्क, रेलवे, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और कौशल विकास जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं। पीएम मोदी ने इस अवसर पर एक जनसभा को भी संबोधित किया। यह बड़ी सौगात ओडिशा और देश के बुनियादी ढाँचे और सामाजिक कल्याण को मजबूती देगी।
पीएम मोदी ने कार्यक्रम में राज्य और देश के लिए कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। उन्होंने नवरात्रि के पावन पर्व का जिक्र करते हुए ओडिशा के लोगों को नमन किया। पीएम मोदी ने कहा कि डेढ़ साल पहले विधानसभा चुनाव के दौरान ओडिशा के लोगों ने ‘विकसित ओडिशा‘ के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का फैसला किया था। अब ओडिशा ‘डबल इंजन की रफ़्तार’ से विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज एक बार फिर ओडिशा और देश के विकास के लिए हज़ारों करोड़ रुपए के नए प्रोजेक्ट्स का काम शुरू हुआ है।
स्वदेशी 4G: BSNL का नया अवतार
पीएम मोदी ने BSNL की स्वदेशी 4G सेवाओं को लॉन्च किया। यह भारत के लिए गर्व की बात है कि BSNL ने पूरी तरह से स्वदेशी 4G तकनीक विकसित की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब भारत उन पाँच देशों में शामिल हो गया है जिनके पास 4G सेवाएँ लॉन्च करने की पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक है। यह पहल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है।
गरीबों के लिए पक्का घर और मूल सुविधाएँ
प्रधानमंत्री ने गरीबों, दलितों, पिछड़ों और जनजातियों को मूलभूत सुविधाएँ पहुँचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जब एक गरीब परिवार को पक्का घर मिलता है, तो न केवल उसका वर्तमान, बल्कि आने वाली पीढ़ियों का जीवन भी आसान हो जाता है। केंद्र सरकार देशभर के 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्का घर दे चुकी है। आज ओडिशा में ‘अंत्योदय गृह योजना’ के तहत करीब 50,000 परिवारों को घर की स्वीकृति मिली है।

आर्थिक सशक्तिकरण के लिए जहाजरानी पैकेज
पीएम मोदी ने भारत को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए जहाज निर्माण के महत्व पर बात की। उन्होंने कहा कि कोई भी देश जो आर्थिक रूप से मजबूत होना चाहता है, वह बड़े-बड़े जहाज निर्माण पर बहुत बल देता है। जहाज निर्माण से व्यापार, टेक्नोलॉजी और देश की सुरक्षा को फायदा मिलता है।
पीएम मोदी ने घोषणा की कि केंद्र की भाजपा सरकार ने देश में बड़े जहाज निर्माण को बढ़ावा देने के लिए ₹70,000 करोड़ रुपए का पैकेज स्वीकृत किया है। पीएम ने दोहराया कि सरकार का संकल्प है कि ‘चिप से लेकर शिप’ तक, भारत हर चीज़ में आत्मनिर्भर बने।
शिक्षा और कौशल पर ज़ोर
पीएम मोदी ने तकनीकी शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए एक नई योजना का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि ‘मेरिट’ (MERIT) नाम की एक योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत तकनीकी शिक्षा देने वाले संस्थानों पर हज़ारों करोड़ रुपए खर्च किए जाएँगे। पीएम ने कहा कि ओडिशा के साथ-साथ पूरे देश में शिक्षा और कौशल विकास पर अभूतपूर्व खर्च किया जा रहा है।
कॉन्ग्रेस पर ‘लूट’ का आरोप
प्रधानमंत्री मोदी ने कॉन्ग्रेस पार्टी पर सीधा हमला बोला और उस पर जनता को लूटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि साल 2014 में जब जनता ने भाजपा को चुना, तो देश कॉन्ग्रेस के ‘लूट सिस्टम’ से मुक्त हो गया। पीएम मोदी ने दावा किया कि भाजपा सरकार में ‘डबल बचत और डबल आय‘ का दौर शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि कॉन्ग्रेस को उन्हें तरह-तरह की गालियाँ देने की आदत पड़ गई है।

पीएम मोदी ने जीएसटी और टैक्स दरों को लेकर कॉन्ग्रेस की आलोचना की। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब केंद्र सरकार ने जीएसटी की दरें कम कीं, तो पूरे देश में कीमतें कम हुईं। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉन्ग्रेस आम जनता को यह सुख देना नहीं चाहती।
हिमाचल प्रदेश का उदाहरण देते हुए पीएम ने कहा कि केंद्र द्वारा सीमेंट के दाम कम किए जाने पर, हिमाचल की कॉन्ग्रेस सरकार ने अपना ही टैक्स लगा दिया। इसी तरह, जब केंद्र ने डीजल-पेट्रोल के दाम कम किए, तब भी कॉन्ग्रेस शासित राज्यों ने दूसरा टैक्स लगाकर दाम उतना ही रहने दिया और अपनी तिजोरी भरते रहे।
पीएम मोदी ने साफ कहा कि कॉन्ग्रेस की सरकार जहाँ भी रहेगी, वहाँ लोगों को लूटेगी ही और जनता को मिलने वाले फायदे के बीच दीवार बनकर खड़ी हो जाएगी।

