50+ लोगों को बनाया ईसाई, ‘चंगाई सभा’ के नाम पर मैथ्यू चला रहा था धर्मांतरण का धंधा: हिंदू भगवानों का करता था अपमान, लखनऊ पुलिस ने किया गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के निगोहां क्षेत्र से रविवार (28 सितंबर 2025) को पुलिस ने धर्मांतरण गिरोह के सरगना मलखान उर्फ मैथ्यू को गिरफ्तार किया है। वह ‘चंगाई सभा’ में बाइबिल पढ़ता, पवित्र जल छिड़कता और प्रोजेक्टर पर वीडियो दिखाकर लोगों का ब्रेनवॉश करता था। अब तक वह आस-पास के गाँवों में 50 से ज्यादा लोगों का धर्मांतरण करा चुका है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपित मलखान बक्तौरीखेड़ा मेहन्दौली गाँव का रहने वाला है। उसने करीब 10 साल पहले ईसाई धर्म अपना लिया था और अपना नाम बदलकर मैथ्यू रख लिया। इसके बाद वह अपने खेत में एक कमरा बनाकर हर महीने दो बार चंगाई सभा करता था, जिसमें वह कम पढ़े-लिखे अनुसूचित जाति के लोगों, महिलाओं, बच्चों और पुरुषों को बुलाकर इलाज और आर्थिक मदद का झाँसा देता था।

मलखान गठिया, मिर्गी, साँस और दूसरी गंभीर बीमारियों के ठीक होने का दावा करता था। सभा में बाइबिल पढ़ता, पवित्र जल छिड़कता और प्रोजेक्टर पर वीडियो दिखाकर लोगों का ब्रेनवॉश करता था। सभा में वह हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ भड़काता और ईसाई धर्म अपनाने के लिए उकसाता था।

उसने अपने बच्चों और रिश्तेदारों के नाम भी बदल दिए थे। पुलिस को काफी समय से क्षेत्र में धर्मांतरण की सूचना मिल रही थी, इसलिए डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल के निर्देश पर एसीपी मोहनलालगंज रजनीश वर्मा की निगरानी में एक टीम बनाई गई थी।

जाँच और सर्विलांस के बाद मैथ्यू को हुलास खेड़ा मार्ग से गिरफ्तार किया गया। उसके घर से दो बाइबिल और प्रचार सामग्री बरामद हुई है। आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस यह भी जाँच कर रही है कि उसे फंडिंग कहाँ से मिल रही थी और उसके व परिवार के बैंक खातों की जाँच की जा रही है। पुलिस टीम को इस काम के लिए 25 हजार रुपए इनाम भी दिया गया है। इस मामले में पहले भी हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया था।