हिंदू धर्मगुरुओं को मारने का बनाया प्लान, सरकार गिराने के लिए रची साजिश: UP-ATS ने ‘मुजाहिदीन आर्मी’ के 4 आतंकियों को दबोचा, ‘जंग-ए-जिहाद’ के नाम पर चाहते थे देश में शरिया

उत्तर प्रदेश की एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। ATS ने राज्य के चार कट्टरपंथी मुस्लिम युवकों को गिरफ्तार किया है। ये लोग देश में लोकतांत्रिक सरकार को गिराना चाहते थे। इनका मुख्य मकसद हिंदू धर्मगुरुओं की टारगेट किलिंग करना था। खासकर उन धर्मगुरुओं को, जो अपने बयानों के लिए सुर्खियों में रहते हैं।

‘मुजाहिदीन आर्मी’ बनाकर शरिया कानून की योजना

एटीएस के मुताबिक, ये मुस्लिम युवक पाकिस्तानी कट्टरपंथी संगठनों से प्रभावित थे। इनका इरादा हिंसक जिहाद के जरिए देश में शरिया कानून लागू करने का था। इसके लिए ये लोग एक ‘मुजाहिदीन आर्मी’ नाम का संगठन बना रहे थे। ये कट्टरपंथी ‘मुसलमानों पर जुल्म’ का प्रोपेगेंडा फैलाकर लोगों को ‘जंग-ए-जिहाद’ के लिए उकसा रहे थे। यह काम सोशल मीडिया ग्रुप बनाकर किया जा रहा था। इसमें ये लोग फोटो-वीडियो के जरिए लोगों को भड़काते थे। इसके अलावा, ये कट्टरपंथी अलग-अलग जगह मीटिंग कर अपने मंसूबों को पूरा कर रहे थे।

चारों आरोपित गिरफ्तार

एटीएस ने सुल्तानपुर, सोनभद्र, कानपुर और रामपुर के चार मुस्लिम कट्टरपंथियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान अकमल रजा, सफील सलमानी, तौसीफ और कासिम अली के रूप में हुई है। एटीएस को खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया।

सख्ती बरतने पर चारों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उनके पास से 5 मोबाइल फोन और डिजिटल सामान बरामद हुए हैं। एटीएस अब इन साजिशकर्ताओं के बाकी साथियों और फंडिंग के सोर्स का पता लगाएगी।