पलवल का तौफीक निकला देश का गद्दार, 3 साल से ISI के लिए कर रहा था जासूसी: पाकिस्तान एंबेसी में तैनात दानिश को देता था सूचना, WhatsApp के जरिए करता था बात

हरियाणा के पलवल जिले के रहने वाले तौफीक को पुलिस ने जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया है। तौफीक पर आरोप है कि वह पिछले तीन साल से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए भारत की अहम और गुप्त जानकारियाँ भेज रहा था।

पुलिस जाँच में सामने आया है कि तौफीक ये सभी जानकारियाँ वॉट्सऐप कॉल और मैसेज के जरिए एक पाकिस्तानी अधिकारी को भेजता था। यह अधिकारी एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश था, जो उस समय दिल्ली स्थित पाकिस्तानी दूतावास में काम करता था। दानिश फिर इन जानकारियों को आगे ISI तक पहुँचाता था।

तौफीक साल 2022 में अपनी सास के साथ पाकिस्तान गया था, जहाँ उसकी मुलाकात दानिश से हुई थी। भारत लौटने के बाद भी तौफीक कई बार दिल्ली जाकर दानिश से मिला और गुप्त जानकारियाँ देता रहा।

किन लोगों की जानकारी भेजी?

तौफीक ने पलवल के न्यू कॉलोनी में रहने वाले एक व्यक्ति और हथीन के एक BSF जवान की भी निजी और संवेदनशील जानकारियाँ पाकिस्तान भेजी थीं। हालाँकि, पुलिस ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि ये कौन सी जानकारियाँ थीं जो लीक की गईं।

जासूसी का नेटवर्क

पुलिस ने जब तौफीक का मोबाइल फोन देखा, तो उसमें 12 पाकिस्तानी नंबर मिले जिनसे वह लगातार बात करता था। इसके अलावा, फोन में डिलीट की गई कई चैट और कॉल डिटेल्स भी मिली हैं, जिन्हें अब साइबर एक्सपर्ट की मदद से वापस निकाला जा रहा है।

तौफीक नूहं और आसपास के लोगों को पाकिस्तान का वीजा दिलवाने में भी मदद करता था। इसके बदले में वह लोगों से 15 से 20 हजार रुपए तक लेता था। माना जा रहा है कि वीजा दिलवाने के बदले में ही वह पाकिस्तानी अधिकारी को भारत से जुड़ी सूचनाएँ देता था।