2015 में 19% थी सोशल सिक्योरिटी कवरेज, 2025 में 64.3% तक पहुँची: PM मोदी का ‘अंत्योदय’ विजन साकार, भारत को मिला ISSA का अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड

भारत ने सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि हासिल की है। इंटरनेशनल सोशल सिक्योरिटी एसोसिएशन (ISSA) ने भारत को ‘सामाजिक सुरक्षा में उत्कृष्ट उपलब्धि’ (ISSA Award 2025) से सम्मानित किया है। यह सम्मान मोदी सरकार के दौरान सामाजिक सुरक्षा को लेकर देश में हुई जबरदस्त प्रगति को दिखाता है।

सम्मान कहाँ मिला?

यह प्रतिष्ठित पुरस्कार मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित वर्ल्ड सोशल सिक्योरिटी फोरम (WSSF) 2025 में दिया गया। इस कार्यक्रम में 163 देशों के 1,200 से ज़्यादा विशेषज्ञ और नीति निर्माता शामिल हुए थे। भारत की ओर से यह अवॉर्ड केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ मनसुख मांडविया ने प्राप्त किया। ISSA ने बधाई देते हुए आधिकारिक तौर पर कहा कि भारत सरकार ने सामाजिक सुरक्षा में उत्कृष्ट काम किया है।

पीएम मोदी का विजन हुआ साकार

डॉ मांडविया ने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘अंत्योदय’ विज़न को दिया। ‘अंत्योदय’ का मतलब है समाज के सबसे आखिरी व्यक्ति को सशक्त बनाना। उन्होंने कहा, “यह पुरस्कार हमारे प्रधानमंत्री के विजन और अंत्योदय की भावना का प्रमाण है, जिसने हमें सबके लिए सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की ओर बढ़ाया।”

सामाजिक सुरक्षा कवरेज में बड़ा उछाल

भारत ने पिछले 10 सालों में सामाजिक सुरक्षा देने के मामले में बरदस्त प्रगति की है। 2015 में भारत की सोशल सिक्योरिटी कवरेज केवल 19% थी, जो 2025 में बढ़कर 64.3% हो गई है। इस बढ़ोतरी के कारण अब 94 करोड़ (940 मिलियन) से ज़्यादा नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) ने भी भारत की इस उपलब्धि को सराहा है।

ई-श्रम पोर्टल: क्रांति की कुंजी

भारत इस पुरस्कार को पाने वाला पाँचवाँ देश बन गया है। इस प्रगति के पीछे e-Shram पोर्टल का बड़ा हाथ है, जिसे 2021 में शुरू किया गया था। अब तक इसमें 31 करोड़ (310 मिलियन) असंगठित क्षेत्र के श्रमिक पंजीकृत हो चुके हैं। यह पोर्टल कई सरकारी योजनाओं को जोड़ता है और बहुभाषी इंटरफेस के साथ ‘वन-स्टॉप सॉल्यूशन’ बन गया है।

यह नेशनल कैरियर सर्विस (NCS) पोर्टल से जुड़कर रोज़गार के मौके भी दे रहा है। भविष्य निधि संगठन (EPFO) और राज्य कर्मचारी बीमा निगम (ESIC) जैसी संस्थाओं ने भी करोड़ों श्रमिकों को स्वास्थ्य सेवा, बीमा और पेंशन योजनाओं का लाभ पहुँचाया है।

डॉ मांडविया ने कहा कि भारत टेक्नोलॉजी का उपयोग करके मजबूत सामाजिक सुरक्षा नेटवर्क बना रहा है और अपने सुधारों से वैश्विक युवाओं को प्रेरित करने के लिए तैयार है। एक और बड़ी उपलब्धि यह है कि अब भारत के पास ISSA जनरल असेंबली में 30 सीटें हैं, जो किसी भी देश के मुकाबले सबसे ज़्यादा है।