राजस्थान में चलती बस में आग लगने से 2 बच्चों समेत 20 लोगों की मौत, पटाखों से आग भड़कने की आशंका: PM मोदी ने हादसे पर जताया दुख, आर्थिक मदद का किया ऐलान

राजस्थान के जैसलमेर में मंगलवार (14 अक्टूबर 2025) दोपहर को एक चलती बस में आग लगने के कारण 2 बच्चों समेत 20 लोगों को जिंदा जलने से मौत हो गई है। इस हादसे में 3 दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटनास्थल का जायजा लिया है और मृतकों की पहचान के लिए DNA सैंपल लिए गए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस हादसे पर गहरा दुख जताया है। X पर अपने संदेश में पीएम मोदी ने कहा, “इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएँ प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।” पीएम मोदी ने मृतकों को परिजन को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक मदद देने का एलान किया है।

वहीं, इस हादसे को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं। शुरुआत में बस में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगने की संभावना जताई गई थी। इसके बाद अधिकारियों ने बताया कि एसी के कम्प्रेशर पाइप फटने से भी आग लग सकती है। वहीं, स्थानीय लोगों का दावा है कि बस की डिग्गी में पटाखे रखे थे जो आग भड़कने की प्रमुख वजह बने।