तालिबान ने पाक फौजियों के अड्डों पर ड्रोन से किया हमला, 7 मरे: PAK के खिलाफ TTP के दो गुट हुए एक

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच मंगलवार (14 अक्टूबर 2025) रात सीमा पर एक बार फिर खूनखराबा हुआ। कुछ घंटों की शांति के बाद कुर्रम जिले में दोनों पक्षों की फौज आमने-सामने आ गईं। टैंकों से हमला हुआ, पोस्ट पर कब्जे के दावे हुए और 7 पाकिस्तानी फौज की मौत की खबर है। अफगानिस्तान ने पाकिस्तान से ISIS-खुरासान के नेताओं को सौंपने की माँग की है। सीमा पर यह तनाव अब धीरे-धीरे खुली जंग का रूप लेता दिख रहा है।

तालिबान का ड्रोन हमला

अफगान समर्थक सोशल मीडिया हैंडल्स ने दो वीडियो जारी किए हैं। एक में तालिबान का ड्रोन पाकिस्तानी सैन्य अड्डे पर विस्फोट करता दिख रहा है। दूसरे में ड्रोन से पाकिस्तानी पोस्ट पर हमला होता दिखा। अफगान डिफेंस ने कहा कि वे पाकिस्तान में उन ठिकानों को निशाना बना रहे हैं जहाँ से अफगानिस्तान को खतरा है।

ISIS-खुरासान को लेकर अफगानिस्तान की माँग

अफगानिस्तान सरकार ने पाकिस्तान से चार बड़े ISIS-खुरासान नेताओं को सौंपने की माँग की है। इन पर अफगान क्षेत्र में हमलों की साजिश रचने का आरोप है। अफगान प्रवक्ता ने यह माँग सार्वजनिक रूप से की है। वहीं, अफगानिस्तान में TTP के दो गुटों ने एक होने की घोषणा कर दी है। इनका नेतृत्व कुर्रम और खैबर जिले के कमांडर कर रहे हैं। दोनों ने TTP प्रमुख मुफ्ती नूर वली महसूद के प्रति निष्ठा जताई है। इससे पाकिस्तान की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

दूसरी तरफ, पाकिस्तानी फौज ने दावा किया कि उन्होंने अफगान चौकियों को तबाह कर दिया। एक तालिबानी टैंक भी नष्ट किया गया। फौज हाई अलर्ट पर है। पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को हालात की जानकारी दी है। विदेश मंत्रालय ने इसे अपनी सुरक्षा का मामला बताया है।