आंध्र प्रदेश के श्रीसैलम में PM मोदी, मल्लिकार्जुन स्वामी मंदिर में की रुद्राभिषेक और पूजा: देखें Video

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार (16 अक्टूबर 2025) को आंध्र प्रदेश के नंद्याल जिले के श्री भ्रामरंबा मल्लिकार्जुन स्वामी वरला देवस्थानम पहुँचे। यहाँ उन्होंने रुद्राभिषेकम पूजा की, जिसमें पंचामृत (गाय का दूध, दही, घी, शहद और चीनी का पवित्र मिश्रण) का इस्तेमाल हुआ।

यह पूजा ज्योतिर्लिंग और शक्ति पीठ वाले इस अनोखे मंदिर में हुई, जो देश का इकलौता ऐसा स्थान है जहाँ दोनों एक ही परिसर में हैं। मल्लिकार्जुन स्वामी मंदिर 12 ज्योतिर्लिंगों और 52 शक्ति पीठों में से एक है। उनके साथ मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण थे।

मंदिर दर्शन के बाद पीएम श्री शिवाजी स्पूर्थि केंद्र पहुँचे। यह स्मारक परिसर छत्रपति शिवाजी महाराज की 1677 की ऐतिहासिक यात्रा की याद में बना है। यहाँ ध्यान कक्ष में शिवाजी की ध्यानमग्न मूर्ति प्रतापगढ़, राजगढ़, रायगढ़ और शिवनेरी किलों के मॉडल के बीच में है। यह श्री शिवाजी मेमोरियल कमिटी द्वारा संचालित है।

फिर कुरनूल में पीएम बिजली, रक्षा, रेलवे और पेट्रोलियम क्षेत्रों की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद ‘सुपर जीएसटी सुपर सेविंग्स’ नामक जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें नई जीएसटी सुधारों के फायदे बताएँगे। कुरनूल एयरपोर्ट पर राज्यपाल एस अब्दुल नजीर, सीएम नायडू ने स्वागत किया। यह यात्रा आंध्र के विकास को गति देने वाली है।