हाथी (पप्पू यादव) और घोड़े (अल्लावरू) का खेल हो रहा है: बिहार चुनाव में कॉन्ग्रेस के टिकटों पर बवाल, पूर्णिया विधायक का आरोप- पैसे लेकर टिकट बाँटे गए; Audio वायरल

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए कॉन्ग्रेस में टिकट को लेकर बहस छिड़ी हुई है। अब पूर्णिया जिले की कस्बा सीट कॉन्ग्रेस विधायक अफाक आलम ने पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि पैसे लेकर टिकट बाँटे गए हैं। इस संबंध में अफाक आलम और बिहार कॉन्ग्रेस अध्यक्ष राजेश राम का एक ऑडियो भी वायरल हो रहा है।

इसमें अफाक आलम से राजेश राम कहते हैं, “यहाँ पर एक मुत्थु हैं, कोई इरफान है। उसके लिए बहुत है, आपका ओके है लेकिन अभी सिंबल रोके हुए हैं। हम साइन वगैरह जितन था उतना कर दिए हैं। लेकिन अब ये प्रभारी जी के पास हैं।”

इसके बाद अफाक आलम ने कहा, “ये क्या खेल हो रहा है, पार्टी में कभी नहीं हुआ।” इसपर राजेश राम कहते हैं, खेल हाथी-घोड़ा सब हो रहा है। हमने कहा था कि किसी भी विधायक का टिकट नहीं कटना चाहिए।”

उधर अफाक आलम ने कहा कि अध्यक्ष को कॉन्गेस नेतृत्व को खबर करनी चाहिए। इतने में बिहार कॉन्ग्रेस अध्यक्ष राजेश राम कहते हैं, “पप्पू यादव लगा हुआ है ना।” तब अफाक आलम ने गुस्से में कहा, “किसके पीछे लगा हुआ है पप्पू यादव, पप्पू यादव क्या चीज है, पप्पू यादव क्या है? पप्पू यादव हमलोग की पार्टी का क्या है?” इस पर राजेश राम ने कहा, “वो आप ऊफर पूछिए।”

अफाक आलम ने पप्पू यादव पर टिकट उगाही का लगाया आरोप

ऑडियो वायरल होने के बाद अफाक आलम ने News18 के साथ बातचीत में कहा कि बिहार कॉन्ग्रेस के प्रभारी अल्लावरू, अध्यक्ष राजेश राम और शकील खान को टिकट बाँटने की जिम्मेदारी दी गई थी। अफाक ने कहा कि अल्लावरू ने फोन नहीं उठाया, उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में टिकट दिया जाए लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

अफाक आलम ने दावा किया कि पप्पू यादव ने पैसे की उगाही कराई और ऐसे लोगों को टिकट दिया गया जिनका कोई जनाधार नहीं है और जो समति में हारा हुआ है। अफाक ने दावा किया कि पैसा लेकर टिकट दिया गया है।

अफाक आलम ने कहा कि पप्पू यादव हाथी है और अल्लावरू घोड़ा है। पप्पू यादव की तरफ से दबाव डाला गया और डर से घोड़े ने टिकट दे दिया। अफाक ने कहा, “पप्पू यादव जबरदस्ती पार्टी का झंडा लेकर इधर से उधर करते हैं। वो वहाँ बैठकर टिकट बेचवाने का काम करते हैं। कॉन्ग्रेस पार्टी से उसका कोई लगाव नहीं है।”

अफाक आलम ने यह भी कहा, “छिप-छिप कर टिकट बाँटा गया है। किसी विधायक को भी जानकारी नहीं दी गई है। जिलाध्यक्ष ने भी गलत रिपोर्ट किया है। इन लोगों को पार्टी की नहीं पैसे की भूख है। नीचे से लेकर ऊपर तक पैसे का खेल हुआ है।”