छठ पूजा पर दिल्ली में विहिप लगाएगा दुकानें, जिहाद से बचने के लिए लिया फैसला: संगठन ने कहा- हिंदू संस्कृति की रक्षा करना उद्देश्य

छठ पूजा के अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद (VHP) इंद्रप्रस्थ प्रांत ने दिल्ली में श्रद्धालुओं के लिए एक नई पहल की शुरुआत की है। संगठन ने घोषणा की है कि दिल्ली के सभी 30 जिलों में विहिप के स्टॉल लगाए जाएँगे, जहाँ भक्तों को प्रमाणित, शुद्ध और परंपरागत पूजा सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

विहिप के प्रांत मंत्री सुरेंद्र गुप्ता ने बताया कि यह अभियान जिहादी-मुक्त दिल्ली के संकल्प के साथ शुरू किया गया है। इसके तहत सनातन प्रतिष्ठा स्टीकर अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसमें इच्छुक हिन्दू दुकानदारों, ठेलेवालों और रेहड़ी-पटरी वालों को सत्यापन प्रक्रिया के बाद यह स्टीकर दिया जाएगा। सत्यापन में दुकान का पंजीकरण, दस्तावेजों की जाँच और स्थानीय प्रतिनिधि द्वारा निरीक्षण शामिल है।

सुरेंद्र गुप्ता ने बताया कि यह पहल पूरी तरह शांतिपूर्ण और पारदर्शी है, जिसका उद्देश्य किसी के खिलाफ नहीं बल्कि सनातन संस्कृति की रक्षा करना है। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे केवल उन्हीं दुकानों से पूजा सामग्री खरीदें जिन पर सनातन प्रतिष्ठा स्टीकर लगा हो। विहिप का कहना है कि छठ जैसे पवित्र पर्व पर शुद्ध और पारंपरिक सामग्री का उपयोग हमारी संस्कृति और आस्था के सम्मान का प्रतीक है।