‘RJD गुंडों ने किया दलित IAS की पत्नी का बलात्कार, परिवार की महिलाओं को भी नहीं छोड़ा’: छपरा में PM मोदी ने याद दिलाया जंगलराज, युवाओं से बोले- अपने वोट की कीमत समझो

छपरा में पीएम नरेंद्र मोदी ने जनसभा में विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि लालटेन, पंजा या इंडी गठबंधन वाले बिहार और बिहारियों का अपमान करते हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि कॉन्ग्रेस के पंजाब के एक पूर्व सीएम ने रैली में ऐलान किया कि बिहारियों को पंजाब में घुसने न देंगे, मंच पर गाँधी परिवार की बेटी तालियाँ बजा रही थी। उन्होंने कहा कि तेलंगाना-कर्नाटक में कॉन्ग्रेस नेता बिहारियों को गालियाँ देते हैं, तमिलनाडु में DMK मेहनतकशों को प्रताड़ित करता है, लेकिन RJD चुप रहता है।

इस चुनाव में कॉन्ग्रेस ने बिहार विरोधियों को प्रचार के लिए बुलाया, ये RJD को नुकसान पहुँचाने की साजिश है। उन्होंने कहा, RJD-कॉन्ग्रेस ने अपना घोषणा पत्र नहीं, अपनी रेटलिस्ट जारी की है। इनकी हर घोषणा के पीछे का असली मकसद- रंगदारी, फिरौती, लूट-खसूट, भ्रष्टाचार… यही सब है।

पीएम मोदी ने कहा, “बिहार में 1998 में, दलित आईएस अधिकारी की पत्नी के साथ जो हुआ आजकल के युवा वो जानेंगें तो सिहर उठेंगे। दलित आईएस अधिकारी की पत्नी ने राज्यपाल को चिट्ठी लिखकर खुलासा किया था कि आरजेडी के गुंडों ने कई दिनों तक उसके साथ बलात्कार किया था और परिवार की अन्य महिलाओं को भी नहीं बख्शा था, उन्हें भी प्रताड़ित किया था। आरजेडी की सरकार में मुख्यमंत्री का कार्यालय तक माफियाओं का कार्यालय बन गया था।”

पीएम ने युवा मतदाताओं से अपील की, वोट की कीमत समझो। माता-पिता के वोट ने जंगलराज से मुक्ति दिलाई, अब तुम्हारा वोट सुशासन को समृद्धि दे।