प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के समुद्री विकास के भविष्य को लेकर एक पोस्ट लिखा है। पीएम मोदी ने लिंक्डइन पर लिखा कि भारत का समुद्री क्षेत्र अब नई उड़ान भर रहा है। मुंबई में इंडिया मैरिटाइम वीक के दौरान उन्होंने बड़े-बड़े सीईओ से मुलाकात की और सबमें भारत के बंदरगाह विकास को लेकर जोश देखा।
पीएम मोदी ने लिखा, “पहले हम अपनी समुद्री जड़ों से कट गए थे। चोल और मराठों की नौसेना दुनिया में मशहूर थी, लेकिन 2014 से पहले पुराने कानून और कम क्षमता की वजह से ये क्षेत्र पिछड़ गया। अब 11 साल में सब बदल गया। बंदरगाहों की क्षमता दोगुनी होकर 2762 मिलियन टन हो गई। माल लदान 972 से बढ़कर 1594 मिलियन टन पहुँच चुका है। जहाजों का वेटिंग पीरियड 93 घंटे से घटकर 48 घंटे रह गया। बंदरगाहों का मुनाफा 9 गुना बढ़कर ₹9352 करोड़ हो गया।”
पीएम मोदी ने आगे का आँकड़ा देते हुए लिखा, “समुद्री कर्मियों की संख्या 1.25 लाख से बढ़कर 3 लाख हो गई, अब दुनिया के 12% नाविक भारत से हैं। भारतीय झंडे वाले जहाज 1205 से 1549 हो गए। तटीय माल ढुलाई दोगुनी हो गई है, जबकि नदी मार्ग पर माल ढुलाई में 710% की बढ़ोतरी हुई है। आज 32 जलमार्ग चालू हैं, जिसमें 7.5 करोड़ यात्री फेरी से सफर कर रहे हैं।”

उन्होंने लिखा कि देश में नए बंदरगाह जैसे विजिनजम, कांडला में ग्रीन हाइड्रोजन, JNPT में रिकॉर्ड FDI आई है। उन्होंने बताया कि इस दिशा में सरकार 5 नए कानून लाई है और ₹70 हजार करोड़ का पैकेज मंजूर किया है।

