तेलंगाना कॉन्ग्रेस ने मोहम्मद अजहरुद्दीन को बनाया अपनी सरकार का पहला ‘मुस्लिम’ मंत्री’: उपचुनाव से पहले हुए बदलाव पर BJP भड़की, आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया

तेलंगाना में पूर्व क्रिकेट कप्तान और वरिष्ठ कॉन्ग्रेस नेता मोहम्मद अजहरुद्दीन को शुक्रवार (31 अक्टूबर 2025) को राज्य सरकार में मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह हैदराबाद राजभवन में हुआ। मौके पर मुख्यमंत्री ए रेवंथ रेड्डी और कई कैबिनेट मंत्री मौजूद थे।

जानकारी के अनुसार, अजहरुद्दीन को राज्यपाल कोटे से विधान परिषद (MLC) में नामित किया गया है, जिससे उन्हें मंत्री बनने का रास्ता मिला। वह मौजूदा कैबिनेट में एकमात्र मुस्लिम मंत्री होंगे। माना जा रहा है कि यह कदम जुबली हिल्स उपचुनाव से पहले मुस्लिम मतदाताओं को साधने की रणनीति का हिस्सा है।

इस बीच, भाजपा ने इस नियुक्ति को आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन बताया है। पार्टी का कहना है कि उपचुनाव से ठीक पहले ऐसा कदम उठाना चुनावी निष्पक्षता के खिलाफ है और आयोग को इस पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।