आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में स्थित काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर में शनिवार (1 नवंबर 2025) को एकादशी पर हुई भगदड़ में मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है जिसमें 8 महिलाएँ और 2 बच्चे शामिल हैं। वहीं, 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज पास के अस्पतालों में जारी है। इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है।
साथ ही, पीएम मोदी ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजन के लिए 2-2 लाख रुपए की सहायता राशि देने का एलान किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस हादसे को लेकर X पर पीएम मोदी का बयान साझा किया है।
पीएम मोदी ने कहा, “आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई भगदड़ से बहुत दुःख हुआ। मेरी संवेदनाएँ उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूँ कि घायल जल्द स्वस्थ हो जाएँ।”
पीएम मोदी ने आगे बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। साथ ही, घायलों की मदद के लिए भी 50,000 रुपए देने का एलान किया गया है।
इस हादसे को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा थी। अचानक धक्का-मुक्की शुरू होने से रेलिंग टूट गई जिसके बाद भगदड़ मच गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरते चले गए।
पुलिस अधीक्षक (SP) के.वी. महेश्वर रेड्डी ने बताया कि हादसे के लिए मंदिर प्रबंधन की लापरवाही को जिम्मेदार माना जा रहा है। इस सिलसिले में मंदिर प्रशासक हरिमुकुंद पांडा के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या (IPC धारा 304) के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही, राज्य सरकार ने घटना की जांँच के आदेश दे दिए हैं।

