राहुल गाँधी के हरियाणा में ‘वोट चोरी’ के दावे पर बीजेपी ने जवाब दिया है। बीजेपी ने कहा कि कॉन्ग्रेस अपनी हार का बम सिस्टम पर फोड़ रही है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि राहुल गाँधी ब्राजील, कोलंबिया और बाहरी देशों से आइडिया लेकर आते हैं, फिर यहाँ लाउड स्पीकर की तरह चिल्लाते हैं।
बीजेपी की ओर से किरेन रिजिजू ने राहुल गाँधी के दावों को खारिज करते हुए कहा कि कॉन्ग्रेस मेहनत नहीं करना चाहती है। उन्होंने कहा, “वे(कॉन्ग्रेस) चुनाव हारते हैं तो सिस्टम को बदनाम करते हैं। भारत के युवा समझदार हैं और वो मोदी के साथ खड़े हैं।”
केरिन रिजिजून ने तर्क देते हुए कहा, “वोटिंग से पहले हर पार्टी के पास वोटर लिस्ट होती है। वोटर लिस्ट में कही नाम गड़बड़ है तो शुद्धिकरण के लिए चुनाव आयोग ने प्रक्रिया बनाई है। अगर समस्या है तो चुनाव आयोग में अपील कर सकते हैं, अदालत जा सकते हैं। वो अदालत को नहीं मानते हैं, सिस्टम को नहीं मानते हैं। वो(कॉन्ग्रेस) मेहनत नहीं करना चाहते हैं और सिर्फ आरोप लगाते हैं।”
यहाँ तक कि बीजेपी ने राहुल गाँधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस को ‘फर्जी’ बताया और कहा कि प्रेंजेटेशन भी बाहरी देशों से बनवाकर लाई गई थी। बीजेपी ने राहुल गाँधी पर हमला बोलते हुए कहा, “भारत के लोकतंत्र में चुनाव जीतने के लिए मेहनत करना पढ़ता है। राहुल गाँधी किसानों के साथ फोटो खिंचवाने का नाटक करते हैं। वो जमीनी स्तर के नेता नहीं हैं।”
गौरतलब है कि राहुल गाँधी ने बुधवार (05 नवंबर 2025) को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वोट चोरी के प्रोपेगेंडा को आगे बढ़ाते हुए हरियाणा चुनाव पर सवाल खड़े किए। इस दौरान राहुल गाँधी ने फर्जी नामों से कई वोट दर्ज होने के दावे के साथ चुनाव आयोग पर सवाल खड़े किए। लेकिन चुनाव आयोग ने राहुल गाँधी के सभी दावों को बेतुका बताया है।

