‘हनुमान जी तुम्हारी क्या मदद करते हैं?’: देखें जब प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ल्ड कप विजेताओं से की मुलाकात, ‘जय श्रीराम’ को लेकर भी हुई बात

वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम बुधवार (5 नवंबर 2025) को नई दिल्ली पहुँची, जहाँ उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके 7 लोक कल्याण मार्ग स्थित आवास पर मुलाकात की। इस दौरान पीएम ने दिप्ती शर्मा से भगवान राम और उनके हाथ पर बने हनुमान जी के टैटू को लेकर भी सवाल किए।

पीएम से बातचीत के दौरान दीप्ति शर्मा, जिन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था, ने बताया कि 2017 वर्ल्ड कप फाइनल में हार के बाद पीएम मोदी से हुई उनकी पिछली मुलाकात ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी थी। इसके बाद पीएम ने मजाकिया अंदाज में दीप्ति के इंस्टाग्राम बायो ‘जय श्री राम’ और हनुमान जी के टैटू की चर्चा की।

पीएम मोदी ने पूछा, “हनुमान जी आपकी क्या मदद करते हैं?” इस पर दिप्ती ने जबाव दिया कि इससे वे कठिनाइयों से बाहर आ जाती हैं। इस दौरान कप्तान हरमनप्रीत कौर, टीम की सभी 16 खिलाड़ी, हेड कोच अमोल मजूमदार और BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास मौजूद थे।

हरमनप्रीत वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने साथ लेकर पहुँचीं थी और टीम ने पीएम को ‘NAMO’  लिखी हुई एक जर्सी भेंट की, जिस पर सभी खिलाड़ियों के नाम और हस्ताक्षर थे। प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों से उनके प्रदर्शन की तारीफ की और कहा कि यह जीत देश के हर नागरिक के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने टीम के साथ ट्रॉफी पकड़कर फोटो भी खिंचवाई।