‘सेकुलरों के मुँह पर लग गया है ताला… मैं आपको जगाने आया हूँ’ : प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार की जनता को चेताया, NDA सरकार लाने के गिनाए फायदे

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (7 नवंबर 2025) को कैमूर जिले के भभुआ में विशाल जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी की रैली में भारी भीड़ उमड़ी। पंडाल के अंदर जगह न मिलने पर लोग बाहर सड़कों पर भी पीएम को सुनते रहे।

इस दौरान पीएम मोदी ने कॉन्ग्रेस के सेकुलरिज्म पर जोरदार हमला बोला। तेलंगाना के कॉन्ग्रेस मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का नाम लिए बिना उनके वायरल बयान का जिक्र किया, जिसमें रेड्डी ने कहा था- ‘मुस्लिम मतलब कॉन्ग्रेस, कॉन्ग्रेस मतलब मुस्लिम’।

पीएम मोदी ने भभुआ में कहा, “तेलंगाना में उनके एक मुख्यमंत्री के भाषण की बड़ी चर्चा चल रही है। लेकिन दिल्ली में जो एयर कंडीशन कमरों में सेकुलर बैठे हैं न, उनके मुँह पर ताला लग गया है। उनकी चर्चा मैं चुनाव के बाद करूँगा, अभी नहीं करूँगा।”

पीएम मोदी ने कहा, “मैं आपको जगाने आया हूँ। कॉन्ग्रेस-RJD जंगलराज वालों को गलती से आपका एक भी वोट गया, तो ये पिछले दरवाजे से घुसपैठियों को भारत की नागरिकता दे देंगे। फिर आदिवासियों, महादलितों के टोलों में घुसपैठियों का बोलबाला होगा। आपका एक वोट घुसपैठियों को रोकेगा। आपका एक वोट आपकी पहचान की रक्षा करेगा।”

कैमूर के भभुआ में पीएम मोदी ने कहा, “भभुआ के मोकरी चावल की माँग दुनिया भर में हो रही है। प्रभु श्रीराम को भोग में यही मोकरी का चावल अर्पित किया जाता है। राम रसोई में भी यही चावल मिलता है।”

पीएम मोदी ने कहा, “अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर देख कर आप सभी को गर्व होता है। काशी में बाबा विश्वनाथ के मंदिर पर आप सभी को गर्व होता है, लेकिन कॉन्ग्रेस-RJD के नेताओं को नहीं होता है। ये लोग दुनिया भर में घूमते फिरते हैं, लेकिन अयोध्या नहीं जाते। राम जी में इनकी आस्था नहीं है और रामजी के खिलाफ ये लोग अनाप शनाप बोलते हैं। उन्हें लगता है कि अगर वो लोग राम मंदिर जाएँगे, प्रभु के दर्शन करेंगे तो उनके वोट चले जाएँगे।”

पीएम मोदी ने आरजेडी के चुनावी गानों का किया जिक्र

पीएम मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल के चुनावी गानों का जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा, “RJD नेताओं के किस तरह के गाने वायरल हो रहे हैं। RJD वालों का गाना है, आपने भी सुना होगा- आएगी भैया की सरकार, बनेंगे रंगदार। RJD वाले इंतजार कर रहे हैं कि कब उनकी सरकार आए और कब अपहरण, रंगदारी का पुराना गोरखधंधा फिर से शुरू होगा। RJD वाले आपको रोजगार नहीं देंगे, ये आपसे रंगदारी वसूलेंगे।”

पीएम मोदी ने कहा, “RJD वालों का एक गाना और है- भैया के आवे दे सत्ता, कट्टा सटाकर उठा लेब घरवा से। आप अंदाजा लगा सकते हैं, ये जंगलराज वाले सरकार में वापसी के लिए क्यों इतने बेचैन है? इन्हें जनता की सेवा नहीं करनी, इन्हें जनता को कट्टा दिखाकर लूटना है, उन्हें घर से उठवा लेना है।”

पीएम नरेंद्र मोदी ने आरजेडी के तीसरे गाने का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “RJD का एक और गाना चल रहा है- मारब सिक्सर के 6 गोली छाती में…। यही इनका तौर-तरीका है, यही इनका प्लान है। इनसे कोई भी सवाल पूछेगा तो यही जवाब मिलेगा। मारब सिक्सर के 6 गोली छाती में। यही जंगलराज की आहट है। ये डराने का प्रयास है। भय पैदा करने का खेल है इनका। जंगलराज वाले कभी कोई निर्माण कर ही नहीं सकते। वो बदहाली और बर्बादी के प्रतीक हैं।”

बता दें कि रेवंत रेड्डी ने जुबली हिल्स उपचुनाव में कॉन्ग्रेस उम्मीदवार नवीन यादव के लिए वोट माँगते कहा- मोहम्मद अजहरुद्दीन को मंत्री बनाया ताकि मुस्लिम भाइयों को हिस्सा मिले। जी किशन रेड्डी नाराज क्यों? हमने आपके पिता या मोदी की जमीन नहीं माँगी। मुस्लिम मतलब कॉन्ग्रेस, कॉन्ग्रेस मतलब मुस्लिम। तेलंगाना सरकार की ताकत मुस्लिम भाई-बहन हैं।