दुकानदार की आँख में मिर्ची पाउडर डालकर दुकान लूटना चाहती थी महिला, शॉपकीपर ने 20 सेकंड में जड़े 17 थप्पड़: ज्वेलरी शॉप का Video जगह-जगह वायरल, अहमदाबाद का मामला

गुजरात के अहमदाबाद में एक ज्वेलरी शॉप लूटने की कोशिश कर रही एक महिला को दुकानदार ने करारा सबक सिखाया। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना अहमदाबाद के रणिप इलाके की है। महिला ग्राहक बनकर दुपट्टे से चेहरा ढककर दुकान में घुसी थी। कुछ देर तक गहने देखने का नाटक करने के बाद, उसने अचानक दुकानदार पर मिर्च पाउडर फेंककर लूटपाट करने की कोशिश की।

20 सेकंड में 17 थप्पड़

दुकानदार तुरंत सतर्क हो गया और उसने खुद को मिर्च पाउडर से बचा लिया। इसके बाद वह गुस्से में महिला पर टूट पड़ा। वायरल वीडियो के मुताबिक, दुकानदार ने महिला को पकड़कर लगभग 20 सेकंड के अंदर 17 बार थप्पड़ मारे। थप्पड़ों से बौखलाई महिला को फिर दुकानदार ने दुकान से बाहर धकेल दिया और वह मौके से भाग निकली।

घटना की जानकारी मिलते ही रणिप पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जाँच जारी है।