डेनमार्क में 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन: डिजिटल खतरों से बचाने के लिए सरकार ने उठाया कदम

डेनमार्क सरकार ने शुक्रवार (7 नवंबर 2025) को घोषणा की कि अब 15 साल से कम उम्र के बच्चे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का उपयोग नहीं कर पाएँगे। यह कदम युवाओं पर बढ़ते डिजिटल प्रभाव और हानिकारक ऑनलाइन सामग्री से उनकी सुरक्षा के लिए उठाया गया है।

जानकारी के अनुसार, डिजिटल मामलों की मंत्री कैरोलीन स्टेज ने बताया कि डेनमार्क में 13 साल से कम उम्र के करीब 94% बच्चे सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं, जो उनके मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य के लिए खतरे की घंटी है। उन्होंने यह भी कहा कि टेक कंपनियों के पास बच्चों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संसाधन हैं, लेकिन वे इस पर निवेश नहीं कर रही हैं।

सरकार ने बताया कि जल्दबाजी में कोई नया कानून नहीं बनेगा, लेकिन टेक कंपनियों के लिए अब कोई छूट नहीं होगी। नया कानून संसद में पेश किया जाएगा, जिसे पास होने में कुछ महीने लग सकते हैं। इस दौरान एक राष्ट्रीय आयु-सत्यापन ऐप भी विकसित किया जाएगा, जो पहचान प्रणाली से जुड़ा होगा।

यह कदम ऑस्ट्रेलिया के बाद दुनिया का दूसरा बड़ा बैन होगा, जहाँ 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया अकाउंट्स पर रोक लगाई गई है। डेनमार्क का उद्देश्य बच्चों को डिजिटल दुनिया से दूर रखना नहीं है, बल्कि उन्हें हानिकारक कंटेंट से सुरक्षित रखना है।