भारत के खिलाफ नई साजिश की जानकारी सामने आई है। खुफिया एजेंसियों को मिले ताजा इनपुट के अनुसार, पाकिस्तान में बैठे आतंकवादी भारत पर हमलों के लिए नए मोर्चे खोलने की तैयारी कर रहे हैं। इस साजिश का नेतृत्व अंतरराष्ट्रीय आतंकी हाफिज सईद कर रहा है, और अब बांग्लादेश को नया लॉन्चपैड बनाया जा रहा है।
यह खुलासा पाकिस्तान के खैरपुर तमेवाली में 30 अक्टूबर 2025 को हुई एक रैली के वीडियो से हुआ है। इस रैली में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के वरिष्ठ कमांडर सैफुल्लाह सैफ ने खुलेआम कहा, “हाफिज सईद खाली नहीं बैठा है, वह बांग्लादेश के रास्ते भारत पर हमला करने की तैयारी कर रहा है।”
सैफ ने दावा किया कि लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी पहले से ही ‘ईस्ट पाकिस्तान (यानी बांग्लादेश)’ में सक्रिय हैं और वे भारत को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जवाब देने के लिए तैयार हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हाफिज सईद ने अपने एक करीबी सहयोगी को बांग्लादेश भेजा है, जो वहाँ स्थानीय युवाओं को ‘जिहाद’ के नाम पर भड़काने और आतंकी प्रशिक्षण देने का काम कर रहा है।
वीडियो में यह भी देखा गया कि सैफ ने मंच से खुलेआम लोगों को भारत के खिलाफ जंग छेड़ने के लिए उकसाया और इस रैली में कई बच्चे भी मौजूद थे। इससे यह साफ होता है कि आतंकी संगठन अब कम उम्र के बच्चों को भी ब्रेनवॉश कर उन्हें ‘जिहाद’ के लिए तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं।
सुरक्षा एजेंसियाँ अब इस पाकिस्तान-बांग्लादेश गठजोड़ से उत्पन्न नए खतरे को लेकर अलर्ट हो गई हैं। भारत ने बांग्लादेश सीमा पर निगरानी और सुरक्षा कड़ी कर दी है ताकि किसी भी घुसपैठ या आतंकी गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

