दिल्ली में लाल किले के बाहर हुए धमाके के बाद अब पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। इस्लामाबाद के हाईकोर्ट परिसर के पास खड़ी एक कार में मंगलवार (11 नवंबर 2025) दोपहर जोरदार धमाका हुआ है। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पाकिस्तानी मीडिया चैनल ‘HUM’ के मुताबिक, शुरुआती रिपोर्ट्स में 5 लोगों के मारे जाने की खबर है और करीब 13-14 लोग इसमें घायल हुए हैं। पाकिस्तान अखबार ‘डान’ की रिपोर्ट के मुताबिक, धमाके की आवाज 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विस्फोट हाईकोर्ट की पार्किंग एरिया के नजदीक हुआ, जहाँ उस समय कई लोग मौजूद थे। पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुँचकर पूरे इलाके को घेर लिया है और जाँच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि यह धमाका कार के भीतर सिलेंडर फटने से हुआ है जिसमें कई वकील और आम लोग घायल हो गए हैं।
वहीं, खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षाबलों के काफिले पर भीषण हमला हुआ है। इस IED विस्फोट से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। धमाके में 16 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, पाकिस्तानी सेना और फ्रंटियर पुलिस के जवान सोमवार देर रात लोनी पोस्ट से लौट रहे थे, तभी डेरा इस्माइल खान जिले के पास यह आत्मघाती विस्फोट हुआ। इस हमले की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने ली है।

