पाकिस्तान के बलूचिस्तान में फिर निशाने पर आई जाफर एक्सप्रेस, बम धमाके से उड़ाया गया रेलवे ट्रैक: 4 दिनों से सुरक्षा कारणों के चलते बंद थीं रेल सेवाएँ

पाकिस्तान में क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस पर एक बार फिर हमला हुआ है। रविवार (16 नवंबर 2025) को बलूचिस्तान के नासिराबाद जिले में अज्ञात हमलावरों ने रेलवे ट्रैक पर बम लगाया था। यह जगह शाहिद अब्दुल अजीज बुल्लो क्षेत्र में है, जहाँ से यह ट्रेन क्वेटा से पेशावर जा रही थी।

ट्रेन के गुजरने के तुरंत बाद धमाका हुआ, इसलिए कोई भी यात्री या कर्मचारी घायल नहीं हुआ। धमाके से रेल पटरी का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके कारण क्वेटा और देश के अन्य हिस्सों के बीच रेल यातायात कुछ समय के लिए रोक दिया गया।

स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, धमाके की जानकारी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुँचे, इलाके को घेरकर जाँच शुरू की। हमलावरों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन भी जारी है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि चार दिनों से सुरक्षा कारणों के चलते बंद रेल सेवाएँ रविवार (16 नवंबर 2025) को ही दोबारा शुरू हुई थीं।