बेंगलुरु एयरपोर्ट पर सोहेल अहमद टैक्सी चालकों पर कर रहा था चाकू से हमला, CISF की सूझबूझ से बचीं कई जानें: आर्म्स एक्ट के तहत हुआ गिरफ्तार

बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया जब उसने झगड़े के दौरान दो टैक्सी चालकों पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। पुलिस ने सोमवार (17 नवंबर 2025) को बताया कि आरोपित सोहैल अहमद को रविवार रात (16 नवंबर 2025) को हिरासत में लिया गया और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। अब उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

यह घटना टर्मिनल-1 के अराइवल लेन के पास हुई। इस घटना का एक वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें सोहैल को लंबे चाकू के साथ टैक्सी चालकों की ओर दौड़ते हुए देखा जा सकता है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि सोहैल के टैक्सी ड्राइवरों तक पहुँचने से पहले ही ड्यूटी पर तैनात CISF कर्मियों ने स्थिति को भाँप लिया और उसे घेर कर पकड़ लिया।

CISF ने इस घटना का वीडियो X (पूर्व ट्विटर) पर साझा किया और कहा कि CISF के समय पर हस्तक्षेप से बेंगलुरु एयरपोर्ट पर एक बड़ी वारदात टल गई।

पोस्ट में CISF की ओर से कहा गया, “16 नवंबर की आधी रात के आसपास, एक व्यक्ति लंबा चाकू लेकर बेंगलुरु एयरपोर्ट के T1 आगमन क्षेत्र में दो टैक्सी चालकों की ओर दौड़ा। एएसआई/एक्जीक्यूटिव सुनील कुमार और उनकी टीम ने तुरंत कार्रवाई की, हमलावर को काबू में किया और चाकू बरामद किया, जिससे यात्रियों और कर्मचारियों को किसी भी तरह की हानि नहीं हुई।”

CISF के अनुसार, प्राथमिक जाँच से पता चलता है कि आरोपित और टैक्सी चालकों के बीच पहले विवाद हुआ था । इशके चलते आरोपित ने उन पर हमला करने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि स्थिति नियंत्रण में आते ही मामला केआईए पुलिस को सौंप दिया गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की और कहा कि आगे की जाँच जारी है। उन्होंने कहा, “हमने शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है और आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।”