‘PM मोदी की हत्या से ही तमिलनाडु में आएगी समृद्धि’: DMK नेता ने MP-MLA की मौजूदगी में उगला आग, CM स्टालिन पर चुप्पी साधकर बढ़ावा देने के आरोप

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कोयंबटूर दौरे से ठीक पहले तमिलनाडु में DMK के एक नेता का बेहद विवादास्पद बयान सामने आया है। तेनकासी दक्षिण जिला सचिव वी. जयपालन का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वे कह रहे हैं, “तमिलनाडु तब तक समृद्ध नहीं हो सकता जब तक नरेंद्र मोदी की हत्या नहीं हो जाती।”

यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद बीजेपी ने DMK पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने वीडियो साझा करते हुए DMK पर अतिवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में मौजूद DMK के सांसद और विधायक भी चुपचाप बैठे रहे, जो इस धमकी का मौन समर्थन दर्शाता है। मालवीय ने सवाल किया कि क्या मुख्यमंत्री एम के स्टालिन इस मामले में अब भी चुप रहेंगे या अपने नेता के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करेंगे।

घटना उस समय सामने आई है जब तमिलनाडु में अगले साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने हैं और राजनीतिक वातावरण पहले से ही गर्म है। पीएम मोदी के कोयंबटूर दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया।

इसके साथ ही यह भी चर्चा में रहा कि मुख्यमंत्री स्टालिन प्रधानमंत्री को रिसीव करने स्वयं हवाई अड्डे नहीं पहुँचे और इसके लिए उन्होंने एक मंत्री को भेजा, जिसे बीजेपी ने प्रोटोकॉल से परे राजनीतिक कटुता बताया।