‘कश्मीर टाइम्स’ के जम्मू ऑफिस पर SIA का छापा, अखबार पर देश-विरोधी गतिविधियाँ करने का आरोप: एडिटर अनुराधा भसीन के खिलाफ UAPA के तहत दर्ज की गई FIR

जम्मू-कश्मीर पुलिस की विशेष जाँच एजेंसी स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) ने गुरुवार (20 नवंबर 2025) की सुबह अंग्रेजी अखबार ‘कश्मीर टाइम्स’ के जम्मू ऑफिस पर छापा मारा। यह कार्रवाई अखबार पर देश-विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देने के आरोपों से जुड़ी जाँच का हिस्सा है।

दफ्तर में लंबी तलाशी और FIR

अधिकारियों के मुताबिक, SIA की टीम सुबह ही दफ्तर पहुँची और अलग-अलग हिस्सों में लंबी तलाशी ली। टीम ने कई दस्तावेज़ों, कंप्यूटरों और डिजिटल डिवाइसों को खंगाला और कुछ सामग्री जब्त कर ली। SIA का कहना है कि यह कार्रवाई बड़े एंटी-टेरर ऑपरेशन्स का हिस्सा है।

अखबार और इसके प्रमोटर्स में इसकी एडिटर अनुराधा भसीन भी शामिल हैं, उनके खिलाफ UAPA (गैरकानूनी गतिविधियाँ रोकथाम अधिनियम) की धारा 13 के तहत FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि अखबार देश के खिलाफ असंतोष फैलाने और देश-विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देने में शामिल रहा है।

जल्द होगी पूछताछ

रिपोर्ट्स के मुताबिक, SIA जल्द ही एडिटर अनुराधा भसीन से पूछताछ करेगी। उनसे उनकी गतिविधियों, संपर्कों और कथित ‘प्रोपेगेंडा नेटवर्क’ में उनकी भूमिका के बारे में सवाल किए जाएँगे। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में अखबार से जुड़े अन्य लोगों को भी पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।

यह पहली बार नहीं है जब कश्मीर टाइम्स पर ऐसी कार्रवाई हुई है। साल 2020 में इसके श्रीनगर ऑफिस को भी कुछ समय के लिए सील कर दिया गया था। अखबार ने अपना प्रिंट संस्करण बंद कर दिया है और फिलहाल यह सिर्फ डिजिटल चलता है। इस मामले पर अभी तक SIA या कश्मीर टाइम्स की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।