बिहार चुनाव में बुरी गत के बाद आपस में भिड़े कॉन्ग्रेसी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद ने माँग लिया इन्चार्ज अल्लावरु का इस्तीफा: बचाव में उतरे राजेश राम, कहा- कोई एक हार का जिम्मेदार नहीं

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में कॉन्ग्रेस की हार के बाद पार्टी में अंदरुनी कलह सतह पर आ गयी है। नेताओं के आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है।

कॉन्ग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने सांसद अखिलेश सिंह के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है, जिसमें उन्होंने हार का ठीकरा प्रभारी कृष्ण अल्लावरू पर फोड़ा था। न्यूज 18 को दिए इंटरव्यू में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कॉन्ग्रेस की हार के लिए सिर्फ एक व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। अखिलेश सिंह का कॉन्ग्रेस प्रदेश प्रभारी पर सवाल उठाना एकतरफा बयानबाजी है।

दरअसल अखिलेश सिंह ने हार के लिए कृष्ण अल्लावरू को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्हें इस्तीफा देने की नसीहत दी थी। उनका कहना था कि बाहरी लोगों के कारण महागठबंधन की हार हुई है। उनका इशारा कॉन्ग्रेस के अल्लावरू और आरजेडी के संजय यादव की तरफ था।

उन्होंने कहा कि टिकट बंटवारे में अखिलेश सिंह की भी भूमिका थी। ऐसे में सिर्फ एक व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराना गलत है। प्रदेश अध्यक्ष राम ने कहा कि चुनाव में खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी सामूहिक होनी चाहिए, क्योंकि पार्टी की जीत या हार किसी एक कारण से नहीं होती है।