‘BLO को घर में बंद कर बंधक बना लो, BJP की साजिश है SIR’: झारखंड के मंत्री और कॉन्ग्रेसी नेता इरफान अंसारी का बयान, भड़की BJP

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री और कॉन्ग्रेस नेता डॉ. इरफान अंसारी ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर विवादित बयान दे दिया। जामताड़ा जिले के नारायणपुर में सेवा के अधिकार सप्ताह कार्यक्रम के दौरान रविवार (23 नवंबर 2025) को उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर कोई बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) वोटर लिस्ट से नाम काटने के लिए घर आए, तो उसे “घर में बंद कर दें या बंधक बना लें।”

इरफान अंसारी ने SIR को केंद्र सरकार की साजिश करार देते हुए कहा, “भाजपा वोटर लिस्ट से दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यकों के नाम काट रही है। अगर BLO घर आए तो गेट में ताला लगाकर बंद कर दें। नाम काटने का काम बंद होना चाहिए।” अंसारी ने बिहार का उदाहरण देते हुए दावा किया कि वहाँ SIR से 65 लाख वोटरों के नाम कटे, जिससे कॉन्ग्रेस चुनाव हार गई। अंसारी ने लोगों को सतर्क रहने और दस्तावेज पर अँगूठा लगाने से पहले शिकायत करने की सलाह दी।

इस बयान पर भाजपा ने कड़ा हमला बोला। दिल्ली में भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, “इरफान अंसारी सार्वजनिक रूप से कहते हैं कि चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त BLO अगर जानकारी माँगने आए, तो उसे बंधक बना लो। मैं इंडी गठबंधन से पूछता हूं: क्या यह लोकतंत्र को बंधक बनाने का निंदनीय प्रयास नहीं? क्या आपके नेता खुले तौर पर ऐसा कहेंगे कि पूछताछ करने वाले को बंधक बनाओ? संविधान खतरे में है। जहाँ भी इंडी गठबंधन सत्ता में आता है, वहाँ संविधान की भावना को नजरअंदाज किया जाता है, ताकि संदिग्ध स्रोतों से वोट बटोरकर सत्ता हथियाई जा सके।”

इस मामले का चुनाव आयोग ने भी तुरंत संज्ञान लिया। आयोग ने झारखंड सरकार से मंत्री के बयान पर विस्तृत रिपोर्ट माँग ली है। ECI के एक अधिकारी ने कहा, “BLO चुनाव प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। किसी भी तरह का बाधा या हिंसा की अपील अस्वीकार्य है। जाँच के बाद उचित कदम उठाए जाएँगे।”

यह घटना SIR अभियान के बीच आई, जो वोटर लिस्ट को अपडेट करने के लिए चल रहा है। विपक्ष का आरोप है कि यह साजिश है, जबकि सरकार इसे पारदर्शिता का कदम मानती है।