‘इमरान को छुआ तो पाकिस्तान में जलजला आ जाएगा’: इमरान खान की बहन ने सरकार को दी चेतावनी, पूर्व PM की सेहत को लेकर बढ़ता जा रहा रहस्य

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) प्रमुख इमरान खान की जेल में मौजूदगी को लेकर लगातार भ्रम और चर्चाओं के बीच उनकी बहन नोरीन नियाजी ने पाकिस्तान सरकार को कड़ी चेतावनी दी है।

सोशल मीडिया और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में चल रही उनके लापता होने और संभावित मौत की अफवाहों के बीच नोरीन ने साफ कहा है कि अगर इमरान खान को नुकसान पहुँचा तो पाकिस्तान में जलजला आ जाएगा।

एक इंटरव्यू में नोरीन नियाजी ने कहा, “इमरान खान को कोई छू नहीं सकता। अगर इमरान को कुछ हुआ तो पाकिस्तान जल उठेगा।” उन्होंने खुलकर पाकिस्तान के फौज प्रमुख जनरल असीम मुनीर और प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इमरान खान के साथ कुछ भी गलत हुआ तो उसी सरकार को इसका जवाब देना होगा।

नोरीन ने बताया कि परिवार को महीनों से इमरान खान से मिलने नहीं दिया गया है, इसलिए उनकी मौजूदा स्थिति की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यह सब डर के कारण किया जा रहा है ताकि इमरान खान की आवाज जनता तक न पहुँचे।

सरकार और फौज पर गंभीर आरोप

नोरीन नियाजी ने आरोप लगाया कि इमरान खान पाकिस्तान को बाहरी शक्तियों को बेचने का विरोध कर रहे थे, इसलिए सरकार और फौज उन्हें चुप कराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, “असीम मुनीर और शाहबाज शरीफ ने पाकिस्तान को बेच दिया है।”

उन्होंने यह भी दावा किया कि उनका परिवार पाकिस्तान में सुरक्षित नहीं है, उनके बेटे को बिना मुकदमे के सैन्य हिरासत में रखा गया है और किसी भी समय उन्हें या उनकी फैमिली को निशाना बनाया जा सकता है।

इसके बावजूद उन्होंने देश छोड़ने से इनकार किया और कहा कि वे पाकिस्तान की जनता के अधिकारों के लिए लड़ाई जारी रखेंगी। नोरीन का कहना है कि अगर हालात और खराब हुए तो पाकिस्तान की जनता सड़क पर उतर जाएगी और हालात सँभल नहीं पाएँगे।

परिवार को मुलाकात नहीं, मीडिया पर प्रतिबंध

इमरान खान की दूसरी बहन अलीमा खानम ने भी सरकार और फौज को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इमरान खान को नुकसान पहुँचा, तो कोई नहीं बचेगा। उन्होंने इमरान खान की मौत की अफवाहों पर कहा, “ऐसी बातें फैलाने वालों को शर्म आनी चाहिए। अगर उन्होंने इमरान खान को नुकसान पहुँचाने की हिम्मत की तो अंजाम बुरा होगा।”

अलीमा ने बताया कि कोर्ट और जेल नियमों के बावजूद वकीलों और परिवार को मुलाकात से रोका जा रहा है। उन्होंने इस स्थिति को ‘फासीवाद’ बताया और कहा कि मीडिया को भी इमरान खान का जिक्र करने से असीम मुनीर द्वारा रोका गया है।

इस बीच, इमरान खान की टीम, परिवार और समर्थक जेल के बाहर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन अभी तक पाकिस्तान सरकार की ओर से उनकी सेहत या हिरासत स्थिति पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।