उज्जैन के होटल में राहुल गुप्ता बनकर घुसा आसिफ, हिंदू युवती संग पकड़ा गया: बहन बताकर की बचने की कोशिश, पुलिस ने फर्जी ID किया बरामद

मध्य प्रदेश के उज्जैन में कानपुर निवासी आसिफ ने खुद को राहुल गुप्ता बताकर मंछामण क्षेत्र स्थित होटल में एक युवती के साथ कमरा लिया। घटना की जानकारी तब मिली जब हिंदू संगठन को युवक के संदिग्ध व्यवहार और फर्जी नाम से होटल में ठहरने की जानकारी मिली।

सूचना पर संगठन के लोग पुलिस के साथ होटल पहुँचे और कागज की जाँच करवाई। पुलिस द्वारा पूछताछ में युवक की जेब से उसका असली आधार कार्ड मिला, जिसमें उसका नाम आसिफ था।

पुलिस के अनुसार, इससे पहले भी युवक दो होटलों में कमरा लेने गया था, लेकिन शक के चलते उसे कमरा नहीं मिला। तीसरे होटल में उसने फर्जी नाम वाला आधार कार्ड दिखाकर चेक-इन कर लिया।

जाँच के दौरान युवक और युवती होटल के कमरे में पाए गए, जबकि पूछताछ में वह युवती को अपनी बहन बताने लगा। युवती ने बताया कि उसे आसिफ की असली पहचान की जानकारी नहीं थी और वह घूमने के लिए उसके साथ उज्जैन आई थी।

होटल संचालक की शिकायत पर नीलगंगा थाना पुलिस ने आसिफ के खिलाफ फर्जी दस्तावेज का इस्तेमाल और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। युवती के परिवार से संपर्क कर लिया गया है और उनके आने तक युवती को वन-स्टॉप सेंटर में रखा गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जाँच कर रही है।