मक्का समेत सऊदी अरब के मदरसों में CCTV, भारत में क्यों नहीं? BJP सांसद अरुण गोविल ने लोकसभा में उठाई एक समान नीति की माँग

लोकसभा के शून्यकाल में मेरठ से बीजेपी सांसद अरुण गोविल ने एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया। उन्होंने मस्जिदों और मदरसों में CCTV कैमरे लगाए जाने की माँग की। सांसद ने कहा कि देश में सुरक्षा अब विकल्प नहीं, बल्कि जरूरी जरूरत बन चुकी है। जब मंदिरों, गुरुद्वारों, चर्चों, कॉलेजों और अन्य सार्वजनिक जगहों पर कैमरे लगे हैं, तो मस्जिदों और मदरसों को इससे अलग क्यों रखा जाए?

सांसद ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी भी धर्म को निशाना बनाना नहीं है, बल्कि सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा, “रोजाना बड़ी संख्या में लोग मस्जिदों और मदरसों में आते-जाते हैं, इसलिए वहाँ भी निगरानी व्यवस्था होना उतना ही आवश्यक है जितना शहर के अन्य सार्वजनिक स्थलों पर।”

सांसद ने उदाहरण देकर अपनी बात मजबूत की। उन्होंने कहा कि इस्लाम के केंद्र मक्का सहित सऊदी अरब के कई मदरसों में सुरक्षा कारणों से कैमरे लगे हुए हैं। यदि वहाँ मजहबी भावनाओं को आहत किए बिना यह व्यवस्था लागू हो सकती है, तो भारत में क्यों नहीं?

अरुण गोविल ने केंद्र सरकार से एक समान राष्ट्रीय सुरक्षा नीति लागू करने की माँग की, ताकि सभी धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा मानक बराबर रहें। उनके अनुसार, ऐसा कदम देश की सुरक्षा प्रणाली को और मजबूत करेगा और अपराध रोकथाम में भी मददगार साबित होगा।