3 बच्चों की अम्मी के साथ लेस्बियन रिलेशनशिप में युवती, मुस्लिम महिला का शौहर बोला- दोनों मेरे ही घर में रहें: पीड़ित माँ ने बताया ‘जिहादी साजिश’, UP के सहारनपुर का मामला

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से लेस्बियन रिलेशनशिप का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ शहाजहाँपुर की रहने वाली हिंदू युवती तीन बच्चों की अम्मी के साथ रहने के लिए उसके घर पहुँच गई है। दोनों ने खुद के 5 साल तक समलैंगिक रिश्ते में होने की बात कही है और अब दोनों पति-पत्नी की तरह रहना चाहती हैं। हिंदू युवती के परिवार के लोग भी उसकी तलाश में सहारनपुर पहुँच गए और वहाँ उन्होंने युवती की ब्रेनवॉश किए जाने का दावा किया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 5 साल पहले एक ऑनलाइन जॉब प्लेटफॉर्म के जरिए दोनों की मुलाकात हुई थी जो आगे चलकर दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई। मुस्लिम महिला का कहना है कि युवती उसका और उसके बच्चों का बहुत ध्यान रखती है और वो दोनों मार्च में 17 दिनों के लिए घूमने भी गए थे। महिला ने कहा कि उसके निकाह को 9 साल हो गए हैं और शौहर से उसको सपोर्ट नहीं मिला है।

वहीं, हिंदू युवती का कहना है कि जब लड़के-लड़के समलैंगिक रिश्ते में रह सकते हैं तो वो क्यों नहीं रह सकती हैं। साथ ही, युवती ने अपने परिवार के लोगों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया है। युवती का कहना है कि परिवार उसे टॉर्चर करता है और उसे जबरन मेंटल हॉस्पिटल तक में भर्ती करा दिया गया था। मुस्लिम महिला का शौहर दोनों के साथ रहने पर राजी है। उसका कहना है कि अगर हिंदू युवती चाहे तो उसकी बीबी के साथ उसके ही घर में रह सकती है।

हिंदू युवती की माँ ने इसे एक बड़ी साजिश का हिस्सा बताया है। उनका कहना है कि मुस्लिम परिवार दोनों को एक साथ रखने को तैयार है तो इसका क्या मतलब निकाल सकते हैं। माँ का कहना है कि बेटी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसके इलाज की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बेटी को बहुत बड़े गिरोह ने फंसाया है और ये कोई बहुत बड़ी जिहादी साजिश है।