लोकसभा परिसर में TMC सांसद ने फूँकी ई-सिगरेट, BJP नेता अनुराग ठाकुर ने स्पीकर से की शिकायत: ओम बिरला ने कहा- जरूर कार्रवाई होगी

संसद के शीतकालीन सत्र में ई-सिगरेट का मुद्दा गरमा गया है। बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने गुरुवार (11 दिसंबर 2025) को बिना नाम लिए TMC के सांसद पर लोकसभा परिसर में ई-सिगरेट पीने का आरोप लगाते हुए स्पीकर से शिकायत की।

लोकसभा में जारी प्रश्नकाल के दौरान सवाल पूछते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा, “मैं सदन को सूचित करना चाहता हूँ कि ई-सिगरेट देश में प्रतिबंधित हैं। क्या आपने (स्पीकर) सदन में इसकी अनुमति दी है? TMC सांसद सदन में ई-सिगरेट का इस्तेमाल कर रहे हैं।”

इसका जवाब देते हुए स्पीकर ओम बिरला ने कहा, “सदन के भीतर धूम्रपान की कोई अनुमति नहीं है और यदि किसी सांसद के खिलाफ स्पष्ट साक्ष्य मिलते हैं तो जरूरी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना की स्पष्ट सूचना मिलने पर नियमों के अनुरूप आगे कदम उठाए जाएँगे।”

बता दें कि ई-सिगरेट पर पूरे देश में Electronic Cigarettes (Prohibition) Act, 2019 के तहत प्रतिबंध लागू है। इसके तहत ई-सिगरेट के उत्पादन, बिक्री, आयात-निर्यात और विज्ञापन तक अवैध है और उल्लंघन पर जेल और जुर्माने का प्रावधान है।