गोवा के चर्चित नाइटक्लब अग्निकांड के मुख्य आरोपित गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा को थाईलैंड से भारत लाया गया। दोनों भाई इंडिगो की फ्लाइट से दोपहर करीब 1:45 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुँचे, जहाँ गोवा पुलिस और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
यह गिरफ्तारी 6 दिसंबर को ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब में लगी आग में 25 लोगों की मौत के मामले में हुई है। हादसे के बाद दोनों थाईलैंड भाग गए थे।
भारत-थाईलैंड प्रत्यर्पण संधि (2013) के तहत प्रक्रिया पूरी हुई। 11 दिसंबर को फुकेट में हिरासत में लिए गए दोनों के पासपोर्ट रद्द कर डोजियर सौंपा गया। इंटरपोल ब्लू कॉर्नर नोटिस भी जारी था। भारतीय दूतावास के समन्वय से डिपोर्टेशन हुआ। गोवा पुलिस थाईलैंड नहीं गई, कस्टडी दिल्ली में ली गई।
अब दोनों को मेडिकल जाँच के बाद पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहाँ 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड माँगी जाएगी। इसके बाद गोवा ले जाया जाएगा।
गोवा सरकार ने मजबूत पैरवी के लिए विशेष कानूनी टीम गठित की है। अब तक क्लब के 5 मैनेजर और कर्मचारी गिरफ्तार हो चुके हैं। बॉम्बे हाईकोर्ट ने क्लब के खिलाफ सिविल केस को पीआईएल में बदला और जिम्मेदारी तय करने की टिप्पणी की।

