बांग्लादेश में उस्मान हादी हत्याकांड के बाद इंकिलाब मंच ने बुलाई प्रेस कॉन्फ्रेंस, यूनुस सरकार पर लगाए गंभीर आरोप: कहा- 2 में से एक भी माँग नहीं की पूरी

बांग्लादेश में उस्मान हादी की हत्या के बाद बढ़ते सियासी तनाव के बीच इंकिलाब मंच ने सोमवार (22 दिसंबर 2025) को शाहबाग स्थित शहीद हादी स्क्वायर में दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाने का ऐलान किया है। मंच का कहना है कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगे की रणनीति और नए कदमों की घोषणा की जाएगी, जिससे अंतरिम सरकार और मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

इंकिलाब मंच ने सीधे तौर पर यूनुस सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए आरोप लगाया है कि एक लाख से ज्यादा लोगों की मौजूदगी और भारी जनसमर्थन के बावजूद उनके दो-सूत्रीय माँग पत्र की एक भी माँग अब तक पूरी नहीं हुई है। मंच ने आरोप लगाया कि अब तक कथित ‘शेख हसीना के एजेंटों’ की गिरफ्तारी नहीं हुई है और सरकार सिविल व मिलिट्री इंटेलिजेंस एजेंसियों पर भी पूरा नियंत्रण स्थापित नहीं कर पाई है।

इसके साथ ही इंकिलाब मंच ने यह भी कहा कि हत्या जैसे गंभीर मामले को सरकार ने एक अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक से बयान दिलवाकर मामूली घटना की तरह पेश करने की कोशिश की, जिससे जनता में गलत संदेश गया।

इस बीच हादी हत्याकांड को लेकर छात्र नेताओं और राजनीतिक दलों ने आरोप लगाया कि आरोपित भारत भाग गए हैं और इसी माँग को लेकर भारतीय उच्चायोग की ओर मार्च भी निकाला गया। हालाँकि बांग्लादेश पुलिस ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि संदिग्ध शूटर के देश छोड़ने की कोई पुख्ता पुष्टि नहीं है और जाँच एजेंसियाँ लगातार मामले की जाँच कर रही हैं।