इस्लामी कट्टरपंथ का असर, टेनिस बॉल जैसे बम और महीनों की योजना: सिडनी के बॉन्डी बीच हमले पर पुलिस ने किए बड़े खुलासे, CCTV में रेकी करते दिखे नवीद-साजिद अकरम

ऑस्ट्रेलिया के बॉन्डी बीच में यहूदी त्योहार ‘हनुक्का’ पर हुए आतंकी हमले को लेकर पुलिस ने कोर्ट के फैक्ट शीट पेश की है। फैक्ट शीट में सामने आया है कि हमलवारों ने लोगों पर फायरिंग की शुरुआत में टेनिस बॉल के आकार का बम समेत कई विस्फोटक भी फेंके थे। हमले की प्लानिंग कई महीनों पहले कर ली गई थी। दो दिन पहले ही दोनों हमलावरों ने बॉन्डी बीच की रेकी की थी।

इस्लामी विचारधारा से प्रेरित होकर किया बॉन्डी बीच में हमला

कोर्ट में पेश पुलिस फैक्ट शीट के मुताबिक, आरोपित नवीद अकरम और उसके अब्बू साजिद अकरम ने बॉन्डी बीच पर हमला इस्लामी विचारधारा से प्रेरित होकर किया था। यह भी सामने आया कि दोनों हमलावरों ने फायरिंग से पहले तीन पाइप बम और एक टेनिस बॉल जैसे दिखने वाला बम लोगों पर फेंका था। लेकिन कोई भी बम फटा नहीं था। पुलिस का कहना है कि ये सभी पूरी तरह सक्रिय और जानलेवा हो सकते थे।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपित सिडनी के कैंप्सी इलाके में एक Airbnb से होकर सिल्वर हुंडई एलेंट्रा कार में बॉन्डी पहुँचे थे। कार में दो शॉटगन, एक बेरेटा राइफल, इस्लामिक स्टेट के झंडे और देसी बम लदे हुए थे। कार पार्क करने के बाद वाहन की विंडस्क्रीन पर IS के झंडे लगाए गए और फिर दोनों फुटब्रिज की ओर बढ़े, जहाँ से भीड़ पर फायरिंग की गई।

पहले से की गई थी रेकी और ट्रेनिंग

जाँच में सामने आया है कि हमले से दो दिन पहले दोनों ने घटनास्थल की रेकी की थी। CCTV फुटेज में दोनों उसी फुटब्रिज और पार्किंग एरिया में घूमते नजर भी आए हैं। वहीं, नावीद अकरम के मोबाइल से मिले वीडियो में दोनों को हथियारों की ट्रेनिंग लेते, IS झंडे के सामने बयान देते और यहूदी समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाते देखा गया है।

बता दें कि बॉन्डी बीच हमले में साजिद अकरम पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था, जबकि उसका बेटा नवीद अकरम घायल अवस्था में गिरफ्तार हुआ था। कोमा से वापस आने के बाद अब वह पुलिस हिरासत में है। उसके खिलाफ हमले में 15 हत्याओं, 40 हत्या के प्रयास समेत कुल 59 गंभीर आरोप लगे हैं। मामले की अगली सुनवाई अप्रैल 2026 में होगी।