‘श्रेष्ठता पद से नहीं, आचरण से स्थापित होती है’: अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर PM नरेंद्र मोदी ने किया नमन, ‘सदैव अटल’ स्मारक पहुँचकर दी श्रद्धांजलि

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें नमन किया। पीएम मोदी ने दिल्ली स्थित ‘सदैव अटल’ स्मारक पहुँचकर उन्हें नतमस्तक होकर पुष्पांजलि भी अर्पित की। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी।

इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने खास तरीके से अटल बिहार वाजपेयी को याद किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर वीडियो पोस्ट कर लिखा, “देशवासियों के हृदय में बसे पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी को उनकी जयंती पर सादर नमन। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन सुशासन और राष्ट्र निर्माण को समर्पित कर दिया। वे एक प्रखर वक्ता के साथ-साथ ओजस्वी कवि के रूप में भी सदैव स्मरणीय रहेंगे। उनका व्यक्तित्व, कृतित्व और नेतृत्व देश के चहुँमुखी विकास के लिए पथ-प्रदर्शक बना रहेगा।”

इसके साथ पीएम मोदी ने अटल जयंती पर सुभाषित साझा करते हुए लिखा, “आदरणीय अटल जी की जन्म-जयंती हम सबके लिए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का एक विशेष अवसर है। उनका आचरण, शालीनता, वैचारिक दृढ़ता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प भारतीय राजनीति के लिए एक आदर्श मानक है। उन्होंने अपने जीवन से यह सिद्ध किया कि श्रेष्ठता पद से नहीं, आचरण से स्थापित होती है और वही समाज को दिशा देती है।”

बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी दोपहर 2.30 बजे लखनऊ में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का भी उद्घाटन करेंगे।