मुगल आक्रांता औरंगजेब पर टिप्पणी को लेकर भड़का मुन्ना कुरैशी, साथियों संग सिख युवक पर रॉड-डंडों से हमला कर फोड़ी आँख: AIIMS में भर्ती पीड़ित, UP पुलिस ने साहिल समेत 3 को पकड़ा

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहाँ मंगलवार (23 दिसंबर 2025) को एक गुरुद्वारे के पास मुस्लिम भीड़ ने एक सिख युवक पर बेरहमी से हमला कर दिया, जिससे पूरे इलाके में तनाव फैल गया है। हमले में युवक की एक आँख बुरी तरह जख्मी हो गई है और उसका इलाज दिल्ली के AIIMS अस्पताल में चल रहा है।

कैसे हुआ विवाद?

परिवार का कहना है कि 23 दिसंबर 2025 को नूरपुर गुरुद्वारे में सिख समाज की ओर से एक धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान इतिहास से जुड़े कुछ विषयों पर चर्चा हो रही थी और मुगल शासक औरंगजेब को लेकर कुछ बातें कही गईं।

इसी दौरान वहाँ से गुजर रहे मुन्ना कुरैशी नाम के व्यक्ति ने इस चर्चा पर आपत्ति जताई और बहस हो गई। मामला उस वक्त शांत हो गया, लेकिन परिवार का आरोप है कि बाद में यह हमला पूरी तरह से योजना बनाकर किया गया।

रामनदीप सिंह के चाचा हरविंदर सिंह रीनू ने बताया कि बाद में जब रामनदीप बाजार की ओर जा रहा था, तभी मुन्ना अपने साथियों के साथ लौटा और उस पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस की कार्रवाई

घटना के बाद नूरपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में साहिल और एक नाबालिग आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मुख्य आरोपित मुन्ना (जुल्फिकार का बेटा) को शनिवार (27 दिसंबर 2025) को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है। पुलिस टीमें उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।

सिख समाज में आक्रोश

इस घटना के बाद सिख समाज में गुस्सा है। कई सामाजिक और स्थानीय संगठनों ने सभी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की माँग की है और चेतावनी दी है कि अगर फरार आरोपितों को जल्द नहीं पकड़ा गया तो वे प्रदर्शन करेंगे।

बीजेपी की प्रदेश अध्यक्ष हरजींदर कौर ने भी इस हमले की निंदा की है और पुलिस से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है। पुलिस का कहना है कि इलाके में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और मामले से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।